
नासा के इनसाइट मार्स लैंडर ने हाल ही में मंगल ग्रह की एक गजब तस्वीर सांझा की है। नासा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल के जरिए बीते 10 अप्रैल को, लाल ग्रह पर सूर्योदय का एक सुहावना नजारा सांझा किया है। दरअसल, नासा का इनसाइट मार्स लैंडर साल 2018 के अंत से ही लाल ग्रह पर अध्ययन के लिए स्थित है। मार्स पर इसके छोड़े जाने का उद्देश्य मंगल के आंतरिक भाग, इसकी भू-पर्पटी, मेंटल और कोर की विभिन्न परिस्थितियों में गहनता से अध्ययन करना है।
तस्वीर सांझा करते हुए नासा ने कहा कि इनसाइट ने अपने मिशन के माध्यम से सैकड़ों “मार्सक्वेक” को मापने में कामयाबी हासिल की है। इसने लाल ग्रह पर रहस्यमयी चुंबकीय स्पंदों का भी अध्ययन किया है और मंगल के सूर्योदय जैसे अविश्वसनीय दृश्यों को भी अपने कैमरे में कैद किया है। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा, “हम इनसाइट से जो सीख रहे हैं, वह न केवल यह बताएगा कि मंगल ग्रह जैसे ग्रह पहले कैसे बने, अपितु यह हमें लाल ग्रह के पैटर्न को समझने में भी मदद करेगा।”
इनसाइट मार्स लैंडर के अलावा नासा अपनी दूसरे अध्ययनों के लिए मंगल की पर रोवर और इनजेनिटी हेलीकॉप्टर का भी सहारा ले रही है। रोवर भविष्य के मानव मिशन के लिए रॉक नमूने एकत्र कर रहा है ताकि उन्हें इकट्ठा किया जा सके और उन्हें पृथ्वी पर वापस लाया जा सके।
इन सभी प्रयासों का उद्देश्य मंगल पर प्राचीन या सूक्ष्म जीवन के संकेतों को खोजना और यह देखना है कि क्या यहां पृथ्वी के समान मानव जीवन का अस्तित्व हो सकता है या नहीं?