Paris Diamond League 2025:पेरिस में गूंजा भारत का नाम! नीरज चोपड़ा ने फिर किया कमाल

नीरज चोपड़ा ने पेरिस डायमंड लीग 2025 में 88.16 मीटर दूर भाला फेंकते हुए प्रतियोगिता अपने नाम की। जर्मनी और ब्राज़ील के स्टार थ्रोअर को पछाड़ते हुए देश को दिलाई बड़ी जीत।

Neeraj Chopra Wins Paris Diamond League 2025: भारत के “गोल्डन बॉय” नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर साबित कर दिया कि असली चैंपियन वही होता है जो वापसी करना जानता है। पेरिस डायमंड लीग 2025 में नीरज ने 88.16 मीटर की ज़बरदस्त थ्रो के साथ न केवल पहला स्थान हासिल किया, बल्कि पिछली दो हार का हिसाब भी बराबर कर दिया।

नीरज का यह थ्रो उनके पहले प्रयास में आया — और वहीं से उन्होंने मुकाबले की कमान अपने हाथ में ले ली। जर्मनी के जूलियन वेबर (87.88 मीटर) और ब्राज़ील के लुइज़ दा सिल्वा (86.62 मीटर) को पीछे छोड़ते हुए नीरज ने न सिर्फ जीत दर्ज की, बल्कि दुनिया को दिखाया कि क्यों उन्हें भारत का गोल्डन बॉय कहा जाता है।

8 साल बाद पेरिस में वापसी, और वो भी धमाकेदार!

नीरज चोपड़ा ने 2017 के बाद पहली बार पेरिस डायमंड लीग में हिस्सा लिया, जब उन्होंने 84.67 मीटर के थ्रो के साथ पांचवां स्थान पाया था। इस बार 27 साल की उम्र में उन्होंने न सिर्फ वापसी की, बल्कि पूरे मुकाबले पर अपना दबदबा बना लिया।

वेबर से लिया हिसाब, पूरे देश में जश्न

बीते मुकाबलों में दोहा और पोलैंड में नीरज वेबर से पीछे रह गए थे। दोहा में वेबर ने 91.06 मीटर का थ्रो करके नीरज को हराया था। लेकिन पेरिस में गोल्डन बॉय ने वही वेबर को पछाड़कर जवाबी वार कर दिया।

जैसे ही यह खबर भारत पहुँची, आधी रात को ही सोशल मीडिया पर बधाइयों की बाढ़ आ गई। “नीरज चोपड़ा” देशभर में ट्रेंड करने लगा। लाखों फैंस ने ‘गोल्डन ब्वॉय नीरज’ को बधाइयाँ दीं और देशभर में उत्सव जैसा माहौल बन गया।

Related Articles

Back to top button