कांवड़ ड्यूटी में लापरवाही, बागपत में तीन ट्रैफिक पुलिसकर्मी निलंबित, एक्सप्रेसवे पर पहुंचीं गाड़ियां

कांवड़ यात्रा ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने पर बागपत में तीन ट्रैफिक पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर मवीकलां के पास ड्यूटी लगने के बावजूद तीन पुलिसकर्मी मौके से गायब मिले, जिसके बाद दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ियों के वाहन पहुंच गए।

जांच के बाद पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने हेड कांस्टेबल राजबहादुर और कांस्टेबल राजकुमार व निशांत को निलंबित कर दिया है।

ड्यूटी से गायब मिले पुलिसकर्मी

ट्रैफिक पुलिस प्रभारी नोवेंद्र सिरोही ने पुलिसकर्मियों की ड्यूटी तय स्थानों पर लगाई थी। हेड कांस्टेबल राजबहादुर की ड्यूटी बड़ागांव कट पर लगाई गई थी, जहां रात में करीब 42 गाड़ियों को निकलने दिया गया।

मामला पुलिस अधीक्षक तक पहुंचने के बाद राजबहादुर को मवीकलां कट के पास तैनात किया गया, लेकिन वह नई ड्यूटी वाली जगह पर नहीं पहुंचा। इसके बाद उसे निलंबित कर दिया गया।

एक्सप्रेसवे पर पहुंच गईं कांवड़ियों की गाड़ियां

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ियों के वाहनों को रोकने के लिए मवीकलां एंट्री प्वाइंट और टोल प्लाजा के पास पुलिस तैनात की गई थी। एंट्री प्वाइंट पर कांस्टेबल राजकुमार और निशांत की ड्यूटी लगाई गई थी।

दोनों पुलिसकर्मी ड्यूटी से गायब हो गए, जिसके कारण कांवड़ियों के वाहन एक्सप्रेसवे पर पहुंच गए। जांच में सामने आया कि मवीकलां के पास पुलिसकर्मियों की गैरमौजूदगी के चलते वाहन एक्सप्रेसवे पर चढ़े थे।

इसके बाद दोनों कांस्टेबलों को निलंबित कर दिया गया, जबकि दोनों होमगार्डों के खिलाफ रिपोर्ट उनके कमांडेंट को भेजी गई है।

चहेते पुलिसकर्मियों को तैनाती देने का आरोप

कांवड़ यात्रा के दौरान निवाड़ा पुल, मवीकलां और बड़ागांव कट के पास वाहनों को रोका जाता है। आरोप है कि इन स्थानों पर कुछ पुलिसकर्मी रात में वाहनों को निकाल देते थे।

मामले में विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने कहा कि ड्यूटी में लापरवाही के कारण तीनों पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है।

Related Articles

Back to top button