
Gonda: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के कैसरगंज से भारतीय जनता पार्टी सांसद करण भूषण सिंह ने 2029 के लोकसभा चुनाव को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि 2029 में वह और उनके पिता, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह, दोनों भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे और एक साथ लोकसभा पहुंचेंगे।
करण भूषण सिंह ने बेलसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि वह और उनके पिता 2029 में भारतीय जनता पार्टी से चुनाव लड़ेंगे। दोनों जीतकर एक साथ लोकसभा में जाएंगे।
इससे पहले, बृजभूषण शरण सिंह ने भी 2029 में लोकसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। उनका कहना था कि कोई भी ताकत उन्हें चुनाव लड़ने से रोक नहीं सकती। उन्होंने यह भी कहा था कि वे चुनाव कहां से लड़ेंगे और किस पार्टी से लड़ेंगे, इसका ऐलान छह महीने पहले करेंगे।
हालांकि, बृजभूषण शरण सिंह पर महिला पहलवानों द्वारा यौन शोषण के आरोप लगाए गए हैं। इसके बाद भाजपा ने उन्हें 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए कैसरगंज सीट से टिकट नहीं दिया था। बृजभूषण को इस मामले में बड़ी राहत तब मिली जब दिल्ली पुलिस ने नाबालिग महिला पहलवान के मामले में क्लोजर रिपोर्ट दी, जिसके बाद कोर्ट ने पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज मुकदमा समाप्त कर दिया।
करण भूषण सिंह ने सांसद खेल महोत्सव के समापन समारोह में भी बयान दिया। इस दौरान उन्होंने कोडीन कफ सिरप के मामले पर सख्त रुख अपनाया और कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार है, और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जांच चल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होगी, और कोई भी बच नहीं पाएगा, चाहे वह भाजपा का ही नेता क्यों न हो।









