होर्मुज की संवेदनशील स्थिति पर नेतन्याहू का बड़ा प्रस्ताव, भूमध्यसागर पाइपलाइन रूटिंग को बताया दीर्घकालिक समाधान

वैश्विक तेल निर्यात का लगभग 20 प्रतिशत इसी से होकर जाता है। इस जलसंधि की सुरक्षा ईरान के नियंत्रण में होने के कारण यह वैश्विक ऊर्जा प्रवाह को प्रभावित करने की क्षमता रखती है।

इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में ऊर्जा मार्गों की संवेदनशील स्थिति को देखते हुए एक दीर्घकालिक समाधान के तौर पर पाइपलाइन को भूमध्यसागर की दिशा में मोड़ने का सुझाव दिया है। नेतन्याहू ने एक चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा कि यह कदम ईरान के भौगोलिक नियंत्रण को बायपास करेगा और इस जलसंधि पर निर्भरता कम करने में मदद करेगा।

उनका कहना है कि लंबे समय के लिए समाधान में तेल और गैस की पाइपलाइन को सऊदी अरब के रास्ते लाल सागर और भूमध्यसागर तक ले जाना शामिल होना चाहिए। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा मार्गों में से एक है और वैश्विक तेल निर्यात का लगभग 20 प्रतिशत इसी से होकर जाता है। इस जलसंधि की सुरक्षा ईरान के नियंत्रण में होने के कारण यह वैश्विक ऊर्जा प्रवाह को प्रभावित करने की क्षमता रखती है।

नेतन्याहू ने कहा कि सैन्य विकल्प केवल अल्पकालिक स्थिरता ला सकते हैं, लेकिन दीर्घकालिक समाधान में ऐसा ढांचागत बदलाव होना चाहिए, जो होर्मुज की वैश्विक ऊर्जा महत्व को कम कर सके। उन्होंने सुझाव दिया कि वैकल्पिक स्थलमार्गों का निर्माण ईरान के वैश्विक ऊर्जा बाजार पर दबदबे को घटा सकता है।

इसी बीच, ईरान की संसद की सुरक्षा समिति ने होर्मुज प्रबंधन योजना को मंजूरी दी है। इस योजना के तहत इस रणनीतिक जल मार्ग से गुजरने वाले जहाजों पर टोल लागू करने, सुरक्षा प्रबंध, जहाजों की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और वित्तीय व्यवस्थाओं को लागू करने का प्रावधान है।

योजना में अमेरिकी और इज़रायली जहाजों के गुजरने पर रोक, ईरान की संप्रभुता को मजबूत करना और ओमान के साथ सहयोग में कानूनी ढांचा स्थापित करना शामिल है। इसके अलावा, यह उन देशों के जहाजों के गुजरने पर भी रोक लगाती है जो ईरान के खिलाफ एकतरफा प्रतिबंधों में शामिल हैं।

व्हाइट हाउस ने सोमवार को कहा कि हाल ही में होर्मुज से तेल टैंकरों की आवाजाही, जो संघर्ष के बीच आंशिक रूप से अवरुद्ध थी, संयुक्त राज्य और ईरान के बीच चल रही प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष वार्ता का परिणाम है। प्रेस में व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि टैंकरों की आवाजाही अमेरिकी प्रशासन की कूटनीतिक पहल का नतीजा है और यह चयनात्मक या अनौपचारिक नियंत्रण का हिस्सा नहीं है।

कैरोलिन लेविट ने कहा कि जिन टैंकरों की हाल ही में आवाजाही हुई, वे संयुक्त राज्य और ईरान की निरंतर वार्ता के परिणामस्वरूप संभव हुई हैं और यह अमेरिकी प्रशासन के कूटनीतिक प्रयासों के बिना संभव नहीं था।

Related Articles

Back to top button