
New Delhi: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार (29 जनवरी 2025) को C हेवी मोलासेस से उत्पादित एथेनॉल के लिए ₹57.97 प्रति लीटर की नई एक्स-मिल कीमत को मंजूरी दी है, जो पिछले साल की तुलना में ₹1.69 की बढ़ोतरी है। यह कीमत 2024-25 के लिए 31 अक्टूबर तक लागू रहेगी।
गौरतलब है कि B हेवी मोलासेस से बने एथेनॉल और गन्ने के रस/चीनी/चीनी सिरप से बने एथेनॉल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। B हेवी मोलासेस से बने एथेनॉल की कीमत ₹60.73 प्रति लीटर और गन्ने के रस से बने एथेनॉल की कीमत ₹65.61 प्रति लीटर बनी रही है।
सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट समिति द्वारा किए गए निर्णय की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों (OMCs) के लिए एथेनॉल आपूर्ति वर्ष (ESY) 2024-25 के लिए एथेनॉल के खरीद मूल्य में संशोधन को मंजूरी दी गई है।
20% एथेनॉल मिश्रण का लक्ष्य 2025-26 तक
सरकार ने पेट्रोल में 20% एथेनॉल मिश्रण का लक्ष्य 2030 से पहले 2025-26 तक पूरा करने का फैसला लिया है। इसके तहत, OMCs 2024-25 के मौजूदा एथेनॉल आपूर्ति वर्ष में 18% एथेनॉल मिश्रण हासिल करने की योजना बना रही हैं।









