“नई स्किन, वही आत्मा”, ‘गुल्लक’ सीजन 5 के साथ लौट रहा है मिश्रा परिवार, कलाकारों ने खोले नए सीजन के दिलचस्प राज, पढ़े पूरी खब़र…

सोनी लिव पर लौट रहे 'गुल्लक' सीजन 5 के कलाकारों जमील खान, हर्ष मायर, अनंत वी जोशी और हेली शाह ने मिश्रा परिवार के अगले चैप्टर और किरदारों के बदलाव पर खुलकर बात की।

भारतीय ओटीटी स्पेस के सबसे पसंदीदा और लोकप्रिय फैमिली ड्रामा में से एक ‘गुल्लक’ अपने पांचवें सीजन के साथ सोनी लिव पर वापसी करने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस बार मिश्रा परिवार के आंगन में कुछ नए बदलाव और बेहद दिलचस्प मोड़ देखने को मिलने वाले हैं। शो की स्टार कास्ट ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि इस सीजन में भी दर्शकों को वही पुराना प्यार, अपनापन और मिडिल-क्लास परिवार की असलियत देखने को मिलेगी, जिसने इस सीरीज को हर घर की कहानी बना दिया है।

मिश्रा परिवार के मुखिया संतोष मिश्रा का किरदार निभाने वाले दिग्गज अभिनेता जमील खान ने शो की सफलता का राज बताते हुए कहा कि मध्यमवर्गीय समाज दुनिया का सबसे बड़ा हिस्सा है और इसकी खुशियों तथा दुखों को पर्दे पर ईमानदारी से उतारना जरूरी है। उन्होंने बताया, “यह नया सीजन एक ‘नई स्किन’ की तरह है, लेकिन इसकी रूह बिल्कुल वही पुरानी है। इस बार रिश्तों की गहराई और ज्यादा मैच्योरिटी के साथ देखने को मिलेगी, जहां परिवार के सदस्य एक-दूसरे के लिए और शांत तथा सपोर्टिव नजर आएंगे।”

वहीं, छोटे बेटे अमन मिश्रा का रोल निभाने वाले हर्ष मायर ने अपने किरदार में आए बदलावों की ओर इशारा करते हुए कहा कि इस बार अमन की शरारतें सिर्फ बच्चों जैसी नहीं होंगी, बल्कि उनमें एक नया और बड़ा ट्विस्ट देखने को मिलेगा। इस सीजन का सबसे बड़ा बदलाव ‘अन्नू भैया’ के किरदार में हुआ है, जहां अब अनंत वी जोशी, आनंद मिश्रा के रूप में दिखाई देंगे। अनंत ने इस अनुभव को रोमांचक और चुनौतीपूर्ण बताते हुए कहा कि वह खुद पिछले 4 सीजन से इस शो के प्रशंसक रहे हैं। उन्होंने अन्नू के संघर्ष की तुलना एक ऐसे छोटे पक्षी से की जो पहली बार घोंसला छोड़कर बाहर निकलता है और रिजेक्शन झेलने के बाद वापस अपने परिवार के सुकूं में लौट आता है।

सीरीज में डॉ. प्रीति सिंह के रूप में नजर आने वालीं हेली शाह ने बताया कि इस सीजन में दर्शकों को अन्नू और प्रीति के रिश्ते की केमिस्ट्री करीब से देखने को मिलेगी, जिसमें दोनों के बीच के क्लास डिफरेंस को बेहद संवेदनशीलता और खूबसूरती से बुना गया है। श्रेयांश पांडे द्वारा निर्मित और टीवीएफ के बैनर तले बनी यह मशहूर सीरीज 5 जून से दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है।

Related Articles

Back to top button