
देशभर में घरेलू LPG गैस सिलेंडर की आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित और निर्बाध बनी हुई है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के साथ-साथ इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने स्पष्ट किया है कि देश में गैस सिलेंडरों की सप्लाई सामान्य रूप से जारी है और उपभोक्ताओं को किसी भी तरह की घबराहट में बुकिंग करने की जरूरत नहीं है।
तेल कंपनियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे बिना जरूरत के जल्दी-जल्दी गैस बुकिंग या डिस्ट्रीब्यूटर के पास जाने से बचें। कंपनियों का कहना है कि इस तरह की पैनिक बुकिंग से उन लोगों की डिलीवरी प्रभावित हो सकती है जिन्हें वास्तव में तुरंत सिलेंडर की जरूरत है।
OMCs ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी संयुक्त बयान में कहा कि देशभर में घरेलू LPG की सप्लाई पूरी तरह सुरक्षित और निर्बाध है। मौजूदा वितरण व्यवस्था को इस तरह तैयार किया गया है कि उपभोक्ताओं को डिस्ट्रीब्यूटर के पास जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती और वे घर बैठे ही सिलेंडर की बुकिंग कर सकते हैं।
कंपनियों ने कहा कि असामान्य या बहुत पहले की गई बुकिंग से डिलीवरी की समय-सीमा प्रभावित हो सकती है। इसलिए उपभोक्ता तभी गैस बुक करें जब वास्तव में जरूरत हो। इससे पूरी व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहेगी और हर जरूरतमंद तक समय पर सिलेंडर पहुंच सकेगा।
घरेलू गैस सिलेंडर बुक करने के लिए कई डिजिटल और स्वचालित प्लेटफॉर्म उपलब्ध हैं। उपभोक्ता IVRS, SMS, मोबाइल एप, मिस्ड कॉल सेवा या आधिकारिक वेबसाइट के जरिए घर बैठे आसानी से गैस सिलेंडर की बुकिंग कर सकते हैं।
तेल कंपनियों ने यह भी याद दिलाया कि कोविड-19 महामारी जैसे कठिन समय में भी देशभर में LPG की सप्लाई लगातार जारी रही थी और घर-घर तक सिलेंडर पहुंचाए गए थे। वर्तमान में भी कंपनियों की टीमें चौबीसों घंटे काम कर रही हैं ताकि हर घर की रसोई समय पर चलती रहे।
कंपनियों ने लोगों से अपील की है कि वे घर पर रहें, व्यवस्था पर भरोसा रखें और केवल जरूरत पड़ने पर ही सिलेंडर की बुकिंग करें। उनका लक्ष्य यही है कि देश के हर घर तक समय पर गैस सिलेंडर पहुंचे और किसी भी प्रकार की भीड़ या अफरा-तफरी की स्थिति न बने।









