
ग्रेटर नोएडा: जेवर कोतवाली क्षेत्र के नीमका गांव में खेतों पर सो रहे किसान की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हैरानी की बात यह है कि वारदात पुलिस चौकी से महज चंद कदम की दूरी पर हुई। रविवार देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच किसान का फावड़े से गला काटकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है।
सुबह परिजनों को मिली हत्या की जानकारी
सुबह जब परिजन खेतों पर पहुंचे तो किसान का शव देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को उठाने नहीं दिया।
पुलिस चौकी के सामने थे किसान के खेत
नीमका गांव निवासी भोले शंकर (50 वर्ष) के खेत जेवर-खुर्जा रोड पर नीमका पुलिस चौकी के ठीक सामने हैं। बताया गया कि भोले शंकर खेतों पर बिल्डिंग मटेरियल का काम शुरू करने की तैयारी कर रहे थे। इसके लिए उन्होंने खेत में तोल कांटा समेत अन्य सामान लगवाना शुरू किया था।
रात में बेटे के गांव लौटने के बाद हुई वारदात
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 10:30 बजे तक भोले शंकर खेतों पर काम को लेकर चर्चा कर रहे थे। इसके बाद उनका बेटा गांव चला गया। आरोप है कि उसके जाने के बाद रात में किसी आरोपी ने भोले शंकर की फावड़े से गला काटकर हत्या कर दी।
निर्मम हत्या से ग्रामीणों में आक्रोश
पुलिस चौकी के सामने किसान की हत्या से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने पुलिस के सामने शव नहीं उठाने दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।









