‘पदाधिकारी प्रतिज्ञा सम्मेलन लक्ष्य-2022’ की शुरुआत करेंगी प्रियंका, विभिन्न मुद्दों पर पार्टी पदाधिकारियों के साथ होगी बातचीत

कांग्रेस महासचिव और कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई की चुनाव प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा प्रदेश में कांग्रेस की स्थिति को मजबूत बनाने के लिए लगातार रैलियां कर रही हैं। प्रियंका गांधी अपने इस चुनावी अभियान में लोगों से भी लगातार मुलाकात कर रही हैं और उनके मुद्दों को जानने और समझने की कवायद में जुटी हुई हैं। इसी क्रम में 14 नवंबर से यूपी में कांग्रेस 'पदाधिकारी प्रतिज्ञा सम्मेलन लक्ष्य-2022' की शुरुआत कर रही है।

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश कांग्रेस की चुनाव प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा 14 और 15 नवंबर को बुलंदशहर और मुरादाबाद में पार्टी के ‘प्रतिज्ञा सम्मेलन-लक्ष्य 2022’ की शुरुआत करेंगी।

लल्लू ने अपने बयान में कहा कि वह ‘प्रतिज्ञा सम्मेलन-लक्ष्य 2022’ के दौरान विभिन्न मुद्दों पर पार्टी पदाधिकारियों के साथ बातचीत करेंगी। उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी द्वारा अपनाए गए प्रस्तावों को लोगों के बीच सांझा करने के लिए इस सम्मलेन का आयोजन राज्य भर में किया जा रहा है।

‘प्रतिज्ञा सम्मेलन-लक्ष्य 2022’ का पहला कार्यक्रम 14 नवंबर को बुलंदशहर में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में आगरा, अलीगढ़ और मेरठ संभाग और कुल 14 जिलों के कांग्रेस के पदाधिकारी शामिल होंगे। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि अगले दिन प्रियंका गांधी सहारनपुर, मुरादाबाद और बरेली और अन्य 12 जिलों के पदाधिकारियों से बातचीत करेंगी।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि इस पुरे कार्यक्रम के दौरान पदाधिकारियों को विशेष रूप से जनता के बीच जाकर उनके मुद्दों को सुनने और पार्टी के विचारों और उसके आगामी प्रस्तावों के बारे में बताने के लिए निर्देश दिए जायेंगे। अजय कुमार लल्लू ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई ने न केवल जनता से जुड़े मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाया है बल्कि सरकार की जिम्मेदारी भी तय की है। प्रियंका गांधी के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस इकाई और मजबूत संगठन के रूप में उभर रहा है।

ये भी देखें- उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने बाल दिवस के अवसर पर सोशल मीडिया साइट कू पर लिखा, ”बाल दिवस के अवसर पर सभी बच्चों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आइए, हम सब मिलकर बच्चों को अच्छे संस्कार, स्वास्थ्य एवं शिक्षा के समुचित अवसर प्रदान करने वाले समाज का निर्माण करें।”

Related Articles

Back to top button
Live TV