
दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन उर्फ पुष्पा राज किसी भी परिचय के मोहताज नहीं हैं। उनकी तगड़ी फैन फॉलोइंग और सोशल मीडिया पर मिली अपार लोकप्रियता ने उन्हें पैन इंडिया स्टार बना दिया है। उनकी फिल्म ‘पुष्पा: द राइज’ (2021) ने उन्हें हर वर्ग के दर्शकों के बीच एक बड़ी पहचान दिलाई। 8 अप्रैल को अल्लू अर्जुन अपना 44वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर आइए जानते हैं उनसे जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें।
अल्लू अर्जुन को मिली पहचान ‘आर्या’ फिल्म से
अल्लू अर्जुन का करियर बचपन से ही फिल्मों से जुड़ा था। 3 साल की उम्र में ही उन्होंने कैमरे के सामने आना शुरू किया था। 1985 में रिलीज हुई फिल्म ‘विजेता’ में वे बाल कलाकार के रूप में नजर आए थे। इसके बाद, अल्लू अर्जुन ने फिल्म ‘स्वाति मुथ्यम’ में भी एक बाल कलाकार के रूप में भूमिका निभाई। साल 2003 में ‘गंगोत्री’ फिल्म के साथ अल्लू अर्जुन ने साउथ फिल्म इंडस्ट्री में अपनी लीड एंट्री की, लेकिन उनकी असली पहचान फिल्म ‘आर्या’ से मिली। इस फिल्म ने उन्हें स्टार बना दिया और उनके स्टारडम की शुरुआत हुई।
अल्लू अर्जुन का NASA जाने का सपना
अल्लू अर्जुन का जन्म चेन्नई में हुआ था और उनके पिता अल्लू अरविंद तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के प्रसिद्ध निर्माता हैं। हालांकि, अल्लू अर्जुन का बचपन में एक्टर बनने का कोई सपना नहीं था। वे बचपन में पियानो टीचर बनने की सोचते थे, कभी मार्शल आर्ट्स में अपनी किस्मत आजमाना चाहते थे, और कभी NASA में काम करने का मन बना लिया था। लेकिन किस्मत को कुछ और मंजूर था और वे एक्टिंग की दुनिया में आए। इसके बाद उन्होंने अभिनय में अपनी पहचान बनाई और आज वे भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े एक्टर्स में गिने जाते हैं।
अल्लू अर्जुन की दरियादिली: जन्मदिन पर ब्लड डोनेशन
अल्लू अर्जुन सिर्फ अपने अभिनय के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी दरियादिली के लिए भी जाने जाते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह हर साल अपने जन्मदिन पर ब्लड डोनेशन करते हैं और अपने फैंस को भी इस नेक काम के लिए प्रेरित करते हैं।
सिंगर भी हैं अल्लू अर्जुन
अल्लू अर्जुन का गाने का शौक भी है। वे एक अच्छे सिंगर भी हैं और अपनी गायकी का हुनर भी दिखा चुके हैं। 2016 में आई तेलुगु फिल्म ‘सर्रेनोडु’ के लिए उन्होंने गाना गाया था। इसके अलावा, उनकी डांसिंग स्किल्स भी बहुत प्रसिद्ध हैं और वे अक्सर अपनी शानदार डांस मूव्स के लिए तारीफें बटोरते हैं। उन्हें किताबें पढ़ने का भी शौक है।
अल्लू अर्जुन की आने वाली फिल्में
अल्लू अर्जुन के पास कई बड़ी बजट वाली फिल्में हैं, जिनका दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उनकी अपकमिंग फिल्म ‘AA22xA6’ को लेकर फैंस के बीच काफी उत्साह है। इस फिल्म के निर्देशक एटली हैं और फिल्म में दीपिका पादुकोण भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।
इसके अलावा, अल्लू अर्जुन की एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘AA23’ भी पाइपलाइन में है, जिसका निर्देशन लोकेश कनगराज कर रहे हैं। उनकी फिल्म ‘पुष्पा 3: द रैम्पेज’ भी फैंस के बीच चर्चा का विषय है। इतना ही नहीं, अल्लू अर्जुन फिल्म ‘एनिमल’ के निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा के साथ भी एक नई फिल्म लेकर आ रहे हैं।









