1 महिला 4 पति और 9 बच्चे… तीसरे के साथ मिलकर दूसरे पति पर अत्याचार… जांच में जुटी पुलिस…

हरदोई में महिला ने तीसरे पति संग मिलकर दूसरे पति का सिर मूंडा और जूतों की माला पहनाई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक हैरान कर देने वाला अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने तीसरे पति के साथ मिलकर अपने दूसरे पति को बंधक बनाकर अमानवीय यातनाएं दीं। पीड़ित का सिर मूंडकर, आधी मूंछ काटकर और जूतों की माला पहनाकर उसे अपमानित किया गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लिया है।

मामले के अनुसार, मैनपुरी निवासी नरेंद्र की पहचान सोशल मीडिया के जरिए सोनी नाम की महिला से हुई थी। दोनों ने मंदिर में शादी की और ढाई साल तक गुरुग्राम में साथ रहे। सोनी के पहले पति से 3 बच्चे थे। नरेंद्र से रिश्ते बिगड़ने के बाद सोनी हरदोई के हरपालपुर निवासी मुन्ना यादव के पास चली गई और उससे शादी कर ली, जिससे उसके 6 बच्चे हुए। हाल ही में जब नरेंद्र सोनी से मिलने हरदोई पहुंचा, तो सोनी के फोन में एक चौथे व्यक्ति का नंबर मिला। इसे लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई।

विवाद बढ़ने पर सोनी बहाने से नरेंद्र को हरपालपुर में मुन्ना यादव के पास ले गई। वहां सोनी और मुन्ना ने मिलकर नरेंद्र को बंधक बना लिया और उसके साथ बर्बरता की। घटना का वीडियो वायरल होते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आई और पीड़ित नरेंद्र की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button