हाथरस में सरेआम गुंडागर्दी: हॉर्न बजाने को लेकर स्कूटी सवार दबंगों ने बाइक सवार युवकों को बेल्ट और लात-घूंसों से पीटा।

हाथरस: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले से सड़क पर दबंगई का एक खौफनाक मामला सामने आया है। मामला थाना कोतवाली सिकंदराराऊ क्षेत्र के बस स्टैंड के पास का है, जहाँ महज हॉर्न बजाने की मामूली सी बात पर स्कूटी सवार दबंगों ने बाइक सवार युवकों के साथ बेरहमी से मारपीट की।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, सड़क पर लगे जाम में हॉर्न बजाने को लेकर स्कूटी सवार और बाइक सवार युवकों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि स्कूटी सवार दबंगों ने अपना आपा खो दिया। उन्होंने बाइक सवार युवकों को सड़क पर गिरा-गिरा कर लात-घूंसों और बेल्टों से बुरी तरह पीटा। मारपीट का यह मंजर देखकर आसपास के राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।

वीडियो हुआ वायरल

इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे दबंग युवक सड़क पर गिरकर अपनी जान की भीख मांग रहे युवकों पर बेल्ट बरसा रहे हैं। पिटाई से युवक बुरी तरह घायल बताए जा रहे हैं।

बीच सड़क पर दिनदहाड़े हुई इस घटना ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि दबंगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें कानून का भी डर नहीं है। फिलहाल, वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Back to top button