
वाराणसी : उत्तर के सीएम योगी आदित्यनाथ सोमवार को वाराणसी दौरे पर पहुंचे. इस दौरान केंद्र सरकार के 9 साल पूरे होने पर सीएम योगी आदित्यनाथ बीजेपी के महा जनसंपर्क अभियान के तहत आयोजित जनसभा में शामिल हुए. जनसभा में सीएम योगी आदित्यनाथ ने केंद्र सरकार की 9 साल की उपलब्धियां और जन कल्याणकारी योजनाओं के साथ लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और कीट देकर सम्मानित किया. वही अपने संबोधन में विपक्ष के द्वारा तैयार किए जा रहे लोकसभा के लिए गठबंधन और पाकिस्तान पर जमकर जुबानी हमला बोला. तो वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ ने केंद्र की बीजेपी सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर सराहना की.

पाकिस्तान अपनी दरिंदगी और गरीबी पर बहा रहा खून के आंसू : सीएम योगी
बीजेपी के महाजनसंपर्क अभियान के तहत आयोजित जनसभा में अपने संबोधन के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए एकाएक पाकिस्तान पर बरस पड़े. सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक साथ आजाद हुए भारत और पाकिस्तान की स्थितियों को देख लीजिए. एक साथ भारत और पाकिस्तान अपने आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे है. एक तरफ जहां भारत 80 करोड़ लोगो को फ्री में राशन देता है, तो दूसरी ओर पाकिस्तान के लोग भूखे नंगे की तरह राशन के लिए एक – दूसरे से राशन के लिए लड़ रहे है. पाकिस्तान आज अपनी दरिंदगी और गरीबी पर खून के आंसू बहने के लिए मजबूर है. इसके साथ ही सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज दुश्मन देश भारत की सीमा में घुसकर आक्रमण नहीं कर सकता.


कांग्रेस के साथ मिलकर देश के खिलाफ षड्यंत्र रच रहे विपक्षी : सीएम योगी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष के गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि एक तरफ जहां वैश्विक मंच पर पीएम मोदी भारत के सम्मान को बढ़ा रहे हैं, भारत की विकास को बढ़ा रहे हैं. वहीं दूसरी तरफ पीएम मोदी के खिलाफ विपक्ष षड्यंत्र रचने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा दिया है. जिन लोगों में कभी बोलचाल नहीं थी, आज वह पीएम मोदी के खिलाफ षड्यंत्र रचने के लिए एक साथ मंच पर आते हुए दिखाई दे रहे हैं. जो अपने आप को जे.पी और लोहिया के शिष्य बोलते थे, और उनके नाम पर जिंदगीभर राजनीति किया. वह लोग आज कांग्रेस के कुशासन को भूलकर लोकतंत्र का गला घोटने के लिए, आज कांग्रेस के साथ मिलकर देश के खिलाफ षड्यत्र में शामिल हो रहे हैं. ऐसे में हम सबको इसके लिए सचेत होना पड़ेगा.
रिपोर्ट : नीरज जायसवाल , वाराणसी









