यूपी में ओवैसी-चंद्रशेखर का गठबंधन फाइनल, 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान; चंद्रशेखर होंगे CM फेस

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले नया सियासी समीकरण बन गया है। AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने गठबंधन का ऐलान कर दिया है। दोनों नेताओं ने अपने गठबंधन को ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ नाम दिया है। इस गठबंधन के जरिए दलित और मुस्लिम मतदाताओं को एक साथ लाने की रणनीति तैयार की गई है।

गठबंधन के ऐलान के साथ ही ओवैसी ने बड़ा चुनावी एलान करते हुए कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सभी सीटों पर मोर्चे के प्रत्याशी मैदान में होंगे। हालांकि, दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत होनी बाकी है।

चंद्रशेखर होंगे मुख्यमंत्री का चेहरा

गठबंधन के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर भी ओवैसी ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अगर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की सरकार बनती है तो चंद्रशेखर आजाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री होंगे। इस घोषणा के साथ ही गठबंधन ने अपनी राजनीतिक दिशा और नेतृत्व को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की है।

चंद्रशेखर ने कहा- यह तीसरा नहीं, पहला मजबूत मोर्चा

गठबंधन के ऐलान के दौरान चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि यह तीसरा मोर्चा नहीं, बल्कि पहला मजबूत मोर्चा है। उन्होंने कहा कि उन्हें कमजोर समझकर साथ नहीं लिया गया। अब अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनके इस बयान को प्रदेश की राजनीति में नए गठबंधन के गठन और पुराने राजनीतिक समीकरणों से दूरी बनाने के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

अखिलेश यादव के PDA समीकरण के सामने नई चुनौती?

ओवैसी और चंद्रशेखर के साथ आने से उत्तर प्रदेश की राजनीति में दलित-मुस्लिम समीकरण को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। एक तरफ अखिलेश यादव का PDA समीकरण है, तो दूसरी तरफ सामाजिक परिवर्तन मोर्चा दलित और मुस्लिम मतदाताओं को अपने साथ जोड़ने की कोशिश करेगा।

2022 के विधानसभा चुनाव में AIMIM को 0.49 फीसदी और आजाद समाज पार्टी को 0.13 फीसदी वोट मिले थे। दोनों दलों का संयुक्त वोट शेयर 0.62 फीसदी था। हालांकि, इसके बाद चंद्रशेखर आजाद नगीना लोकसभा सीट से सांसद चुने गए। ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव में इस गठबंधन की रणनीति, प्रभाव और चुनावी प्रदर्शन पर राजनीतिक दलों की नजर रहेगी।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा उत्तर प्रदेश में BJP और समाजवादी पार्टी के सामने कितना मजबूत विकल्प बन पाएगा और क्या यह गठबंधन अखिलेश यादव के PDA समीकरण को चुनौती देने में सफल होगा?

Related Articles

Back to top button