मेरठ में ओवैसी का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला, PDA को बताया ‘पलट दिया अखिलेश’

मेरठ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मेरठ की जनसभा में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सपा के PDA फॉर्मूले पर तंज कसते हुए इसका नया मतलब ‘पलट दिया अखिलेश’ बताया। साथ ही चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री का चेहरा बनाने के फैसले की वजह भी बताई।

मेरठ में आयोजित जनसभा के दौरान ओवैसी ने अखिलेश यादव के पुराने बयानों का जिक्र करते हुए उन पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव उनके बारे में कहते थे कि जितनी डोर रहेगी, उतना उड़ेंगे और जब चाहेंगे डोर खींच लेंगे। इस पर ओवैसी ने जवाब देते हुए कहा कि उनकी डोर अल्लाह के हाथ में है, जबकि अखिलेश यादव की डोर बीजेपी के साथ है।

PDA के नए मतलब पर ओवैसी का तंज

ओवैसी ने अखिलेश यादव के PDA फॉर्मूले पर निशाना साधते हुए कहा कि PDA का असली मतलब ‘पलट दिया अखिलेश’ है। उन्होंने कहा कि पहले PDA में A का मतलब अल्पसंख्यक बताया जाता था, लेकिन अब इसमें अगड़ा, आदिवासी, अग्रवाल और आधी आबादी जैसे शब्द भी जोड़े जा रहे हैं।

चंद्रशेखर आजाद को CM चेहरा बनाने की बताई वजह

ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद के साथ गठबंधन और उन्हें मुख्यमंत्री का चेहरा बनाने के फैसले पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सहारनपुर में मस्जिद गिराए जाने का मामला सामने आया, तब अखिलेश यादव वहां गए थे या नहीं? उन्होंने श्रावस्ती और बहराइच में मदरसों से जुड़े विवादों का भी जिक्र किया।

ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद की तारीफ करते हुए कहा कि नगीना में ईद की नमाज को लेकर विवाद हुआ था, तब चंद्रशेखर आजाद लोगों के साथ खड़े हुए थे। उन्होंने कहा कि जब नमाज पढ़ने से रोकने की बात हुई, तब चंद्रशेखर ने लोगों को नमाज पढ़ने के लिए कहा और खुद उनके साथ खड़े रहे।

अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर भी साधा निशाना

ओवैसी ने अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर उनके पूर्वज करीब 400 साल तक नमाज पढ़ते रहे, अखिलेश यादव अब वहां जाने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने लोगों से सवाल किया कि मुश्किल वक्त में उनके साथ कौन खड़ा रहा और किसने उनका साथ दिया।

राज्यसभा उम्मीदवार को लेकर भी उठाए सवाल

AIMIM प्रमुख ने अखिलेश यादव के राज्यसभा उम्मीदवार धनराज परिमल नथवानी को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने उम्मीदवार के चयन पर आपत्ति जताते हुए उनके परिवार के राजनीतिक संबंधों का जिक्र किया। ओवैसी ने तंज कसते हुए कहा, ‘यह कैसा प्यार है, यह रिश्ता क्या कहलाता है?’

गौरतलब है कि AIMIM और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ बनाया है। इस गठबंधन में चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है। मेरठ की रैली में ओवैसी ने इसी गठबंधन के समर्थन में सपा और कांग्रेस पर भी निशाना साधा।

Related Articles

Back to top button