
नई दिल्ली; पूर्व पीएम इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद पाकिस्तानी में बवाल मचा है. जमकर हिंसा हो रही है. इमरान समर्थकों ने सेना के कार्यालय सहित कई सरकारी कार्यालयों में जमकर उपद्रव किया. पाकिस्तान में गृह युद्ध जैसी स्थिति बनी है. पाक अभिनेत्री सहर शिवनारी ने इन परिस्थितियों का जिम्मेदार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और खुफिया एजेंसी रॉ को बताया है.
अभिनेत्री सहर शिवनारी ने ट्वीट कर कहा कि किसी को दिल्ली पुलिस का ऑनलाइन लिंक पता है? मुझे भारतीय प्रधानमंत्री और भारतीय खुफिया एजेंसी रॉ के खिलाफ शिकायत दर्ज करनी है, जो मेरे देश पाकिस्तान में अराजकता और आतंकवाद फैला रहे हैं. यदि भारतीय अदालतें स्वतंत्र हैं (जैसा कि वे दावा करते हैं) तो मुझे यकीन है कि भारतीय सर्वोच्च न्यायालय मुझे न्याय प्रदान करेगा.

अभिनेत्री के ट्वीट का जवाब दिल्ली पुलिस ने बड़े मजाकिया अंदाज में दिया. दिल्ली पुलिस ने ट्वीट पर रिप्ले करते हुए लिखा कि पाकिस्तान में अभी भी हमारा अधिकार क्षेत्र नहीं है। लेकिन, जानना चाहेंगे कि जब आपके देश में इंटरनेट बंद कर दिया गया है तो आप ट्वीट कैसे कर रही हैं! दिल्ली पुलिस के इस उत्तर के बाद लोग सोशल मीडिया पर जमकर चुटकी ले रहे हैं.










