
टी20 विश्व कप 2026 के बीच पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। आमिर ने दावा किया है कि भारत इस बार टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह नहीं बना पाएगा। उनके इस बयान के बाद क्रिकेट जगत में बहस तेज हो गई है।
बता दें, आमिर ने सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीमों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि पाकिस्तान क्वालीफाई करेगा और भले ही पाकिस्तान न पहुंचे, लेकिन भारत भी सेमीफाइनल में नहीं होगा। इससे पहले भी वह भारतीय खिलाड़ियों, खासकर अभिषेक शर्मा की बल्लेबाजी को लेकर आलोचनात्मक टिप्पणी कर चुके हैं।
अब तक सिर्फ इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। इंग्लैंड ग्रुप-2 में शीर्ष पर रहा और उसका मुकाबला भारत या वेस्टइंडीज से होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं दक्षिण अफ्रीका अब तक अपराजित है और उसका सामना न्यूजीलैंड या पाकिस्तान से हो सकता है।
सुपर-8 चरण से पहले आमिर ने कहा था कि दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज भारत से बेहतर क्रिकेट खेल रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका से 76 रन की हार के बाद उनका बयान सही साबित होता नजर आने लगा था।
हालांकि, चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में जिम्बाब्वे पर 72 रन की जीत ने भारत की उम्मीदों को जिंदा रखा है। अब टीम इंडिया के सामने स्पष्ट समीकरण है—सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए वेस्टइंडीज को हर हाल में हराना होगा।
टीम इंडिया के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा है। जीत मिली तो सेमीफाइनल का टिकट पक्का, हार हुई तो टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा। ऐसे में अब सभी की नजरें भारत और वेस्टइंडीज के मुकाबले पर टिकी हैं।









