पाकिस्तान के अफगानिस्तान पर हवाई हमले में अब तक 80 से अधिक मौतें, भारत ने की निंदा

पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के नंगरहार, पक्तिका और खोस्त प्रांतों के सात स्थानों पर हवाई हमले किए, जिसमें 80 से अधिक लोगों की मौत हो गई। पाकिस्तान ने इन हमलों को हाल ही में इस्लामाबाद, बाजौर और बन्नू में हुए आत्मघाती विस्फोटों का जवाब बताया है, जिनके लिए उसने अफगानिस्तान में स्थित आतंकी ठिकानों को जिम्मेदार ठहराया।

पाकिस्तानी सरकार के अनुसार, इन हमलों में प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और उससे जुड़े गुटों के ठिकानों को निशाना बनाया गया। गृह राज्य मंत्री तलाल चौधरी ने दावा किया कि इस कार्रवाई में करीब 70 आतंकियों को मार गिराया गया है। पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने इसे “सटीक और जवाबी कार्रवाई” करार दिया है। हमले पक्तिका के बर्मल इलाके, नंगरहार के खोगयानी, गनी खेल और बेहसूद क्षेत्रों में किए गए थे।

पाकिस्तान का आरोप है कि अफगानिस्तान में बैठे आतंकवादियों ने हाल में पाकिस्तान में हुए आत्मघाती हमलों को अंजाम दिया। पाकिस्तान ने कहा कि अफगान तालिबान ने 2020 के दोहा समझौते में अपनी जमीन को आतंकवाद के लिए इस्तेमाल न होने देने का वादा किया था, लेकिन इस पर अमल नहीं हुआ।

भारत ने पाकिस्तान के इस एयरस्ट्राइक की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि इन हमलों में आम नागरिकों की मौत हुई है, जो चिंताजनक है। भारत ने इस कार्रवाई को अस्वीकार्य बताया और अफगानिस्तान की संप्रभुता का समर्थन किया।

Related Articles

Back to top button