पीएम मोदी ने 17 हजार करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण, रेल, रोड, सौर ऊर्जा, पानी और एलपीजी से जुड़ा है प्रोजेक्ट

पीएम मोदी ने कहा, आज राजस्थान के विकास के लिए करीब 17 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है।

राजस्थान में आयोजित विकसित भारत – विकसित राजस्थान कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कुछ दिन पहले फ्रांस के राष्ट्रपति का आपने जयपुर में जो स्वागत-सत्कार किया। उसकी गूंज पूरे भारत समेत फ्रांस में भी हो रही है। यही राजस्थान के लोगों की खासियत है। हमारे राजस्थान के भाई-बहन जिस पर प्रेम लुटाते हैं, कोई कसर बाकी नहीं छोड़ते।

पीएम मोदी ने कहा, आज राजस्थान के विकास के लिए करीब 17 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। ये प्रोजेक्ट्स- रेल, रोड, सौर ऊर्जा, पानी और एलपीजी जैसे विकास कार्यक्रमों से जुड़े हैं। ये परियोजनाएं राजस्थान के हजारों युवाओं को रोजगार देने वाली हैं। मैं इन प्रोजेक्ट्स के लिए राजस्थान के सभी साथियों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।

विकसित भारत का क्या तात्पर्य है, पीएम मोदी ने बताया

प्रधानमंत्री ने कहा, जब मैं विकसित भारत की बात करता हूं, तो ये केवल शब्द भर नहीं है, ये केवल भाव भर नहीं है। ये हर परिवार का जीवन समृद्ध बनाने का अभियान है। ये गरीबी को जड़ से मिटाने का अभियान है। ये युवाओं के लिए अच्छे रोजगार बनाने का अभियान है। ये देश में आधुनिक सुविधाएं बनाने का अभियान है।

कांग्रेस की नीतियों के कारण बिजली व्यवस्था बदहाल थी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, कांग्रेस के साथ एक बहुत बड़ी समस्या ये है, कि वो दूरगामी सोच के साथ सकारात्मक नीतियां नहीं बना सकती। कांग्रेस न भविष्य को भांप सकती है और न ही भविष्य के लिए उसके पास कोई रोड मैप है। कांग्रेस की इसी सोच के कारण भारत अपनी बिजली व्यवस्था को लेकर बदनाम रहता था। कांग्रेस के दौरान बिजली की कमी के कारण पूरे देश में कई-कई घंटों तक अंधेरा हो जाता था। करोड़ों घरों में बिजली कनेक्शन ही नहीं था। बिजली के अभाव में कोई भी देश विकसित नहीं हो सकता। कांग्रेस जिस रफ्तार से इस चुनौती पर काम कर रही थी, उससे बिजली समस्या ठीक होने में कई दशक लग जाते।

इन 4 जातियों को मजबूत बनाने में जुटी सरकार

पीएम मोदी ने कहा, हमने सरकार में आने के बाद देश को बिजली की चुनौतियों से निकालने पर ध्यान दिया। विकसित भारत बनाने के लिए हम देश के 4 वर्गों को मजबूत बनाने में जुटे हैं। ये वर्ग हैं- युवा, महिला, किसान और गरीब। हमारे लिए यही 4 सबसे बड़ी जातियां हैं।

Related Articles

Back to top button