
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कल्कि धाम मंदिर का शिलान्यास किया। श्री कल्कि धाम का निर्माण श्री कल्कि धाम निर्माण ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा है। जिसके अध्यक्ष आचार्य प्रमोद कृष्णम हैं। इस कार्यक्रम के बाद पीएम मोदी लखनऊ में विभिन्न परियोजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे। बता दें कि पीएम मोदी दो दिवसीय यूपी दौरे पर हैं।
इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा, आज यूपी की धरती से भक्ति, भाव और अध्यात्म की एक और धारा प्रवाहित होने को लालायित है। आज पूज्य संतों की साधना और जनमानस की भावना से एक और पवित्र धाम की नींव रखी जा रही है। अभी आप सभी की उपस्थिति में मुझे भव्य कल्कि धाम के शिलान्यास का सौभाग्य मिला है।
उन्होंने कहा, मुझे विश्वास है कि कल्कि धाम भारतीय आस्था के एक और विराट केंद्र के रूप में उभरकर सामने आएगा।कई ऐसे अच्छे काम हैं, जो कुछ लोग मेरे लिए ही छोड़ कर चले गए हैं। आगे भी जितने अच्छे काम रह गए हैं, उनको भी संतों और जनता-जनार्दन के आशीर्वाद से हम पूरा करेंगे।









