
लखनऊः देश में वीर बाल दिवस मनाया जा रहा है। दिल्ली स्थित भारत मंडपम में भी मंगलवार की सुबह वीर बाल दिवस मनाया गया। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी भी पहुंचे। वीर बाल दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने संबोधित करते हुए कहा कि आज देश वीर साहिबजादों के अमक बलिदान को याद कर रहा है। आज का दिन शौर्य को याद दिलाता है, पूरा देश वीर साहिबजादों से प्रेरणा ले रहा है। वीर साहिबजादों का बलिदान अत्याचार के अंधकार में निराशा की रोशनी की प्रेरणा देता है। देश को विकसित बनाने के लिए हम पंच प्राणों पर चलना चाहते हैं, हमें एक पल न रुकना है न ठहरना है।
आगे उन्होनें कहा वीर बाल दिवस पूरी दुनिया को त्याग बलिदान का संदेश देता है। मुझे खुशी है कि वीर बाल दिवस अब कई देशों में मनाया जा रहा है। ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, यूएई, और ग्रीस में भी वीर बाल दिवस पर कार्यक्रम हो रहे है। भारत के वीर साहिबजादों को पूरी दुनिया और ज्यादा जानेगी। इसी कड़ी में पीएम मोदी ने आगे कहा कि आज भारत में सबसे ज्यादा युवा है। इतना युवा भारत के आजादी के समय भी नहीं थे। जब उस युवाशक्ति ने देश को आजादी दिलाई, तो आज का युवाशक्ति भारत को किस ऊंचाई पर ले जा सकता है, यह कल्पना से परे है। हमें इस मिट्टी कि आन-बान-शान के लिए जीना है, हमें देश को बेहतर बनाने के लिए जीना है। हमें इस महान राष्ट्र की संतान के रूप में, देश को विकसित बनाने के लिए जीना है, जुटना है, जूझना है और विजयी होकर निकलना है।









