“NXT कॉन्क्लेव 2025 में PM Modi ने भारत की नीतियों, उपलब्धियों और वैश्विक नेतृत्व पर रखा विजन…”

"NXT कॉन्क्लेव 2025 में PM Modi ने भारत की नीतियों, उपलब्धियों और वैश्विक नेतृत्व पर रखा विजन..."

NXT Conclave 2025: भारत मंडपम में आयोजित NXT कॉन्क्लेव 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती ताकत, नीतिगत निर्णयों और भारत के उज्ज्वल भविष्य पर अपना दृष्टिकोण साझा किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन “नेता सेंट्रिक” नहीं, बल्कि “नीति सेंट्रिक” है, जिससे आने वाले कल की दिशा तय होगी।

लोकसभा चुनाव 2024: तीसरी बार सरकार बनाने का जनविश्वास

पीएम मोदी ने कहा, “कुछ महीने पहले भारत ने दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव संपन्न किया, और 60 वर्षों में पहली बार किसी सरकार को लगातार तीसरी बार जनसमर्थन मिला।” उन्होंने इसे भारत की पिछले 11 वर्षों की उपलब्धियों का परिणाम बताया और विश्वास जताया कि नया मीडिया चैनल देश की वास्तविक कहानियां बिना किसी पूर्वग्रह के दुनिया तक पहुंचाएगा।

‘वोकल फॉर लोकल’ से ‘लोकल फॉर ग्लोबल’ तक का सफर

प्रधानमंत्री ने “वोकल फॉर लोकल” और “लोकल फॉर ग्लोबल” विजन पर जोर देते हुए कहा कि आज भारत के आयुष प्रोडक्ट्स, योग, सुपरफूड्स और श्रीअन्न (मिलेट्स) पूरी दुनिया में पहचान बना रहे हैं। उन्होंने बताया कि भारत दुनिया का सातवां सबसे बड़ा कॉफी निर्यातक बन चुका है, जिससे भारतीय कृषि और उद्यमिता को मजबूती मिल रही है।

वैश्विक सम्मेलनों में भारत की अग्रणी भूमिका

पीएम मोदी ने बताया कि हाल ही में भारत ने फ्रांस में हुए AI समिट को को-होस्ट किया था और अगली बार इस समिट की मेजबानी भारत करेगा। उन्होंने G20 शिखर सम्मेलन की सफलता और भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे (IMEEC) की स्थापना को भारत के नेतृत्व की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में गिनाया।

महाकुंभ 2025: दुनिया भारत के नवाचार और संगठन कौशल से प्रभावित

पीएम मोदी ने कहा कि 26 फरवरी को प्रयागराज में संपन्न एकता के महाकुंभ ने पूरी दुनिया को भारत की संगठन क्षमता और सांस्कृतिक एकता का परिचय दिया। उन्होंने कहा, “दुनिया इस बात से हैरान है कि कैसे करोड़ों लोग एक नदी तट पर बसे अस्थायी शहर में एक पवित्र स्नान के लिए इकट्ठा होते हैं।”

भारत की सकारात्मक कहानियों का बढ़ता प्रभाव

पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया भारत को जानना और समझना चाहती है, क्योंकि हर दिन यहां कोई नया रिकॉर्ड बन रहा है, हर दिन कोई सकारात्मक खबर सामने आ रही है। उन्होंने मीडिया को भारत की सच्ची तस्वीर दिखाने का आह्वान करते हुए कहा कि “हमें मेकअप की जरूरत नहीं है, भारत की वास्तविक उपलब्धियां ही इसकी सबसे बड़ी पहचान हैं।”

Related Articles

Back to top button