कौशांबी से PM मोदी का विपक्ष पर ताबड़तोड़ हमला, बोले – परिवारवादियों ने रोका था कौशांबी का विकास…

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कौशांबी में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान पीएम ने कहा, घोर परिवारवादी इसलिए बौखलाए हुए हैं कि अगर गरीब को घर मिल गया, बिजली, पानी और सड़क मिल गई तो उनके घर के चक्कर कौन लगाएगा। हमने पूरे मन से अपनी बहनों को हर सुविधा देने की कोशिश की है। उन्हें कोई भी सुविधा देने में हमने जाति और मजहब नहीं देखा।

विकास नई आकांक्षाओं को जन्म देता है। आज जब नागरिकों को सुविधाएं मिल रही हैं तो उनका भरोसा भी बढ़ रहा है कि भाजपा ही उनकी आकांक्षाओं को पूरा कर सकती है।

भाजपा की संस्कृति रही है कि अगर किसानों की कोई समस्या हो तो उसका स्थायी समाधान निकाला जाए। लेकिन सपा, बसपा ने तो चीनी मिलें ही बंद करा दी ताकि गन्ना किसान यह न कह सके कि उसकी फसल नहीं बिक रही।

आज उत्तर प्रदेश में चौथे चरण का मतदान हो रहा है। यूपी की जनता भाजपा और NDA की जीत का चौका मारने के लिए आगे बढ़ रही है। जो लोग सोचते हैं कि यूपी के लोग बंट जाएंगे। उन्हें जवाब देने के लिए यूपी के लोग आज फिर पोलिंग बूथ पर लंबी लंबी कतार लगाकर खड़े हैं।

कोई भी देश हो, कोई भी प्रदेश हो, अगर उसे आगे बढ़ना है, तो लोगों को एकजुट होना ही होता है। भारत और यूपी के तेज विकास के लिए हम सभी का एकजुट बने रहना, हम सभी के उज्ज्वल भविष्य के लिए बहुत जरूरी है।

कौशांबी महाभारत, रामायण, पुराणों तक में प्रसिद्ध नगरी है, लेकिन घोर परिवारवादियों के राज में कौशांबी को विकास के लिए तरसा दिया गया। ये हमारी डबल इंजन की सरकार है, जो पूरी ईमानदारी से कौशांबी के विकास में जुटी है।

डबल इंजन की सरकार यूपी के विकास के आवश्यक है। इसीलिए मैं कहने आया हूं कि योगी जी की सरकार को फिर से लाना है। कौशांबी को बौद्ध सर्किट से जोड़ने का काम भी हमारी सरकार ने ही किया है।

कौशांबी में ही राम वन गमन पथ योजना का काम भी तेजी से चल रहा है। हम कौशांबी सहित पूरे प्रदेश की समृद्धि, प्रगति और संस्कृति के लिए काम कर रहे हैं।

आज हम सुविधा के साथ आपकी आकांक्षाओं की पूर्ति के लिए भी काम कर रहे हैं। यहां के पीतल और कांसे के उत्पादों को बर्बाद कर दिया गया था। अब हम तेजी से इसे पहचान दिलाने में जुटे हैं। 2014 में हराया, 2017 में हराया, 2019 में हराया, 2022 में फिर हराएंगे, जन आशीर्वाद की ताकत से बीजेपी जीत का चौका लगाएगी।

Related Articles

Back to top button