BJP स्थापना दिवस पर PM Modi का संदेश, कहा- “मुझे भरोसा है जनता एक और मौका देगी…”

PM मोदी ने बीजेपी के स्थापना दिवस पर सोशल मीडिया प्लेटफार्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए पार्टी के कार्यकर्ताओं को बधाई दी है।

6 अप्रैल, ये वो दिन है जब भारतीय जनता पार्टी का गठन हुआ था। वर्ष 1980 के दशक में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में इसी दिन ये पार्टी अस्तित्व में आई थी। ऐसे में आज यानी शनिवार (6 अप्रैल) को देश के प्रधानमंत्री मोदी ने बीजेपी के स्थापना दिवस पर सोशल मीडिया प्लेटफार्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए पार्टी के कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। साथ ही इस पोस्ट में उन्होंने BJP के 44 सालों का जिक्र भी किया।

दरअसल, बीजेपी के स्थापना दिवस अपनी प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पोस्ट करते हुए लिखा कि, “भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर देशभर के मेरे कर्मठ और परिश्रमी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं। आज @BJP4India की उन सभी महान विभूतियों को नमन करने का दिन है, जिन्होंने वर्षों की अपनी कड़ी मेहनत, संघर्ष और त्याग से पार्टी को सींचकर इस ऊंचाई तक पहुंचाया है। मैं आज पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि भाजपा देश की सबसे पसंदीदा पार्टी है, जो ‘राष्ट्र प्रथम’ के मंत्र के साथ जन-जन की सेवा में जुटी है।”

उन्होंने कहा कि, “यह हम सभी के लिए गौरव की बात है कि @BJP4India अपने विकासवादी विजन, सुशासन और राष्ट्रवादी मूल्यों के प्रति हमेशा समर्पित रही है। भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति इसके कार्यकर्ता हैं, जो 140 करोड़ देशवासियों की आकांक्षाओं को पूरा करने में दिन-रात जुटे रहते हैं। देश की युवा शक्ति भाजपा को एक ऐसी पार्टी के रूप में देखती है, जो उनके सपनों को साकार करने के साथ ही 21वीं सदी में भारत को मजबूत नेतृत्व देने में सक्षम है।”

PM मोदी ने अपने पोस्ट में आगे कहा कि, “केंद्र हो या राज्य, हमारी पार्टी ने सुशासन को नए सिरे से परिभाषित किया है। हमारी योजनाओं और नीतियों ने देश के गरीब और वंचित भाई-बहनों को एक नई ताकत दी है। जो लोग दशकों तक हाशिए पर रहे थे, उन्हें अपने लिए भाजपा में उम्मीद की बड़ी किरण दिखी। भाजपा उनकी सशक्त आवाज बनकर सामने आई।…”

पीएम मोदी ने कहा, “हमारी पार्टी देश को भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, जातिवाद, सांप्रदायिकता और वोटबैंक की राजनीति से मुक्त करने के लिए संकल्पबद्ध है। दशकों तक शासन करने वाली पार्टियों ने इसी राजनीतिक संस्कृति को देश की पहचान बना दी थी। नए भारत में स्वच्छ और पारदर्शी शासन होने से विकास का लाभ आज बिना किसी भेदभाव के अंतिम पायदान पर खड़े गरीबों तक पहुंच रहा है।”

इस दौरान उन्होंने लिखा कि, “हमें NDA का अभिन्न अंग होने पर भी गर्व है, क्योंकि यह गठबंधन देश की प्रगति और क्षेत्रीय आकांक्षाओं को साथ लेकर भारत को आगे ले जाने में विश्वास रखता है। NDA एक ऐसा गठबंधन है, जो देश की विविधता के खूबसूरत रंगों से सजा है। हमारी यह साझेदारी बहुत महत्वपूर्ण है और मुझे पक्का विश्वास है कि आने वाले समय में हमारा यह गठबंधन और भी मजबूत होगा।”

PM Modi ने आहे लिखा कि, देश की जनता-जनार्दन एक नई लोकसभा चुनने को पूरी तरह से तैयार है। मैं आश्वस्त हूं कि देशभर के मेरे परिवारजन हमें एक और कार्यकाल का आशीर्वाद देने जा रहे हैं, ताकि बीते एक दशक में विकसित भारत के लिए जो नींव तैयार की गई है, उसे नई मजबूती दी जा सके। मैं एक बार फिर भाजपा और एनडीए के अपने सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देता हूं, जो सरकार और जनता के बीच विकास की सबसे मजबूत कड़ी हैं।”

Related Articles

Back to top button