
नई दिल्ली: एंटी पेपर लीक बिल संसद के दोनों सदनों से पास होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छात्रों को भरोसा दिलाया है कि सरकार पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए लगातार कदम उठा रही है। पीएम मोदी ने इंस्टाग्राम पर वीडियो संदेश जारी कर कहा कि बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पेपर लीक की समस्या से देश का हर राज्य परेशान है। सरकार ने इस मुद्दे पर राज्यों के सुझावों को ध्यान में रखा है और छात्रों के सुझावों को भी प्राथमिकता दी गई है।
केन्द्र और राज्य सरकारों को मिलकर शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए काम करना होगा
पीएम मोदी ने कहा कि एंटी पेपर लीक बिल दोनों सदनों में पास हो चुका है। उन्होंने कहा कि अब पेपर लीक गैंग और माफियाओं को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने टास्क फोर्स और फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए मामलों की जल्द सुनवाई सुनिश्चित करने की बात कही। पीएम मोदी ने कहा कि पेपर लीक से बच्चों के भविष्य पर संकट पैदा होता है, इसलिए केन्द्र और राज्य सरकारों को मिलकर शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए काम करना होगा।
एंटी पेपर लीक कानून लागू होना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि
प्रधानमंत्री ने कहा कि एंटी पेपर लीक कानून लागू होना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। सरकार का उद्देश्य छात्रों को पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराना है, जिससे मेहनत करने वाले युवाओं को उनका हक मिल सके।









