पटना प्रदर्शन मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 24 FIR दर्ज और 258 आरोपी गिरफ्तार

पटना में 22 और 25 जुलाई को हुए उग्र प्रदर्शन के बाद पुलिस ने बड़े स्तर पर कानूनी कार्रवाई की है। पुलिस की कार्रवाई में अब तक कोतवाली, गांधी मैदान, पाटलिपुत्र और सचिवालय थाना में कुल 24 FIR दर्ज की जा चुकी हैं।

इन मामलों में विभिन्न थानों की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 258 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

30 लड़कियों को निजी बांड भरवाकर छोड़ा

जानकारी के अनुसार, इस कार्रवाई में गांधी मैदान थाना पुलिस ने सबसे अधिक 138 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है। वहीं कोतवाली थाना पुलिस की टीम ने 49 लोगों को गिरफ्तार किया है।

इससे पहले भी 53 और 19 मामलों की संवेदनशीलता को देखते हुए हिरासत में ली गई 30 लड़कियों को बाद में निजी बांड भरवाकर छोड़ दिया गया।

6000 अज्ञात और 285 नामजद लोगों पर केस दर्ज

हिंसक प्रदर्शन मामले में पुलिस ने सख्त कानूनी कार्रवाई की है। दर्ज FIR में 285 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है, जबकि करीब छह हजार अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात प्रदर्शनकारियों की पहचान में जुटी है। आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।

प्रदर्शन में 43 पुलिसकर्मी घायल

प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसक झड़प और लाठीचार्ज में पुलिस विभाग के आईजी, थानेदार, सब-इंस्पेक्टर और सिपाहियों समेत कुल 43 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

वहीं प्रदर्शन में शामिल 300 से अधिक छात्र भी चोटिल हुए हैं। इनमें करीब 60 छात्रों को गंभीर चोटें आई हैं। भगदड़ और लाठीचार्ज के दौरान कई छात्रों के सिर में चोट लगी, जबकि कई के हाथ-पैर टूटने की खबर है।

11 वाहनों को पहुंचाया गया नुकसान

उग्र प्रदर्शन के दौरान गांधी मैदान और कोतवाली थाना क्षेत्र में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और आम जनता के कुल 11 वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया।

एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि स्थिति पूरी तरह सामान्य है। जारी की गई तस्वीरों के आधार पर भी 50 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

प्रमुख गिरफ्तारियां

  • तेज प्रताप यादव: जनशक्ति जनता दल के संस्थापक
  • संदीप सौरभ: पालीगंज विधायक, भाकपा माले
  • शांतनु शेखर: पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ (पुसु) के अध्यक्ष
  • धनंजय: आइसा के प्रदेश अध्यक्ष
  • दीपांकर मिश्रा: आइसा महासचिव
  • दिव्यम: राज्य सचिव दिव्यम
  • आफरिन: आइसा की नेत्री
  • मनीष यादव: पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष
  • आनंद कुमार यादव: पालीगंज मुखिया संघ के अध्यक्ष

Related Articles

Back to top button