
भदरसा के चर्चित सामूहिक दुष्कर्म प्रकरण में अदालत से बरी होकर जेल से रिहा हुए मोईद खान के मामले ने एक बार फिर प्रदेश की राजनीति को गरमा दिया है। मामले में प्रदेश सरकार के मत्स्य मंत्री और निषाद पार्टी के प्रमुख संजय निषाद ने पीड़िता की मां से मुलाकात कर न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निचली अदालत से राहत मिलने का मतलब यह नहीं है कि न्याय की प्रक्रिया समाप्त हो गई है। पीड़िता पक्ष अब हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने की तैयारी में है और सरकार पूरी मजबूती से पैरवी करेगी।
सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए संजय निषाद ने कहा कि इस मामले में एक अन्य आरोपी राजू खान को 20 वर्ष की सजा सुनाई जा चुकी है, जिससे यह स्पष्ट है कि प्रकरण गंभीर है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उच्च न्यायालय में प्रभावी ढंग से पैरवी कर आरोपी को दोबारा जेल भेजने का प्रयास किया जाएगा।
संजय निषाद ने समाजवादी पार्टी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि जेल से रिहाई के बाद सपा के पूर्व मंत्री पवन पांडे द्वारा मोईद खान से मुलाकात करना और मोबाइल पर अखिलेश यादव से बातचीत कराना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उनके अनुसार ऐसे कदम पीड़िता के मनोबल को कमजोर करते हैं। उन्होंने कहा कि पीड़िता निषाद समाज से आती है, इसलिए समाज के लोगों को न्याय की इस लड़ाई में उसके साथ खड़ा होना चाहिए। मंत्री ने दोहराया कि सरकार पीड़िता के साथ है और न्याय सुनिश्चित कराने के लिए हर संभव कानूनी कदम उठाए जाएंगे।








