‘जन नायकन’ लीक पर भड़कीं पूजा हेगड़े, फैंस से की थिएटर में देखने की अपील…

पूजा हेगड़े ने ‘जन नायकन’ के ऑनलाइन लीक को निराशाजनक बताया और फैंस से फिल्म को थिएटर में देखने और पायरेसी से बचने की अपील की।

साउथ के सुपरस्टार थलपति विजय की सबसे चर्चित और अंतिम तमिल फिल्म ‘जन नायकन’ के ऑनलाइन लीक होने की खबरों के बाद अभिनेत्री पूजा हेगड़े ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे बेहद “निराशाजनक” बताया और फैंस से अपील की कि वे फिल्म को केवल थिएटर में ही देखें और पायरेसी को बढ़ावा न दें।

बता दें, शनिवार को इंस्टाग्राम स्टोरी पर पूजा हेगड़े ने एक भावुक संदेश साझा करते हुए कहा कि एक फिल्म सिर्फ मनोरंजन नहीं होती, बल्कि इसमें अनगिनत लोगों की मेहनत, समय और त्याग शामिल होता है। उन्होंने लिखा कि किसी भी फिल्म का इस तरह लीक होना पूरी टीम के लिए बहुत बड़ा झटका है।

उन्होंने कहा कि पायरेसी केवल आर्थिक नुकसान नहीं करती, बल्कि यह उन सभी कलाकारों और तकनीशियनों के सम्मान को भी ठेस पहुंचाती है जिन्होंने फिल्म को बनाने में दिन-रात मेहनत की होती है। पूजा ने आगे लिखा कि दर्शकों को इस तरह की गैर-कानूनी गतिविधियों से दूर रहना चाहिए और सही समय पर फिल्म को सिनेमाघरों में जाकर देखना चाहिए।

पूजा हेगड़े ने खास तौर पर फैंस से अपील की कि वे विजय की आखिरी फिल्म को बड़े पर्दे पर ही एंजॉय करें और इसे सही तरीके से सेलिब्रेट करें।

इससे पहले फिल्म के प्रोडक्शन हाउस KVN प्रोडक्शंस ने भी एक आधिकारिक बयान जारी किया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि फिल्म के कुछ हिस्से या पूरी फिल्म तक को ऑनलाइन गैर-कानूनी तरीके से शेयर किया जा रहा है। मेकर्स ने इसे गंभीर डिजिटल पायरेसी का मामला बताते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की बात कही है।

Related Articles

Back to top button