
देहरादून: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा शुरू होने में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। ऐसे में सरकार की ओर से यात्रा से जुड़ी तैयारियों को युद्धस्तर पर पूरा करने का दावा किया जा रहा है। यात्रा मार्ग को सुचारु बनाने के लिए कई जगहों पर निर्माणाधीन पुलों पर तेजी से काम चल रहा है, जबकि सड़कों के चौड़ीकरण का कार्य भी जारी है।
चारधाम यात्रा को देखते हुए प्रशासन द्वारा सड़क, पुल और अन्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। उद्देश्य है कि तीर्थ यात्रियों को इस बार बेहतर और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।
वहीं Srinagar बाजार के व्यापारियों में नाराज़गी देखने को मिल रही है। व्यापारियों का कहना है कि लंबी यात्रा के बाद जब श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं तो उनके वाहनों को बाजार में रुकने नहीं दिया जाता, जिससे स्थानीय व्यापार प्रभावित हो रहा है।
व्यापारियों और होटल-रेस्टोरेंट संचालकों ने सरकार से मांग की है कि श्रीनगर में उचित पार्किंग की व्यवस्था की जाए, ताकि यात्री रुक सकें और स्थानीय कारोबार को भी लाभ मिल सके।
स्थानीय लोगों ने ऑफलाइन और ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में कुछ छूट देने की भी मांग उठाई है, जिससे अधिक से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा में शामिल हो सकें।









