
उत्तराखंड में आगामी कुंभ मेले को लेकर तैयारियां जोरों-शोरों से शुरू हो गई हैं। प्रदेश सरकार और प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड में हैं और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के काम में तेजी से जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में कुंभ मेले की तैयारियों के लिए 500 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सभी संबंधित विभागों के अधिकारी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं और मेला क्षेत्र में सुरक्षा, सफाई, यातायात, स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि कुंभ मेला एक आस्था और श्रद्धा का महापर्व है, जिसमें देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतरीन और सुगम व्यवस्थाएं मिलें। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएंगी और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने दी जाएगी।









