
कोलकाता में आरजी कर मेडिकल कॉलेज में महिला डॉक्टर के साथ हुए बलात्कार और हत्या की घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुख और गुस्सा जताया है। एक न्यूज़ एजेंसी से बात करते हुए उन्होंने कहा कि वो इस घटना से ‘स्तब्ध और भयभीत’ हैं। उन्होंने महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध और खराब हो रही स्थिति पर खासी चिंता भी जताई। आगे उन्होंने कहा कि अब बहुत हो गया, एक सभ्य समाज अपनी बेटियों और बहनों के साथ ऐसी बर्बरता बिलकुल बर्दाश्त नहीं करेगा।
निर्भया कांड का जिक्र करते हुए क्या कुछ कहा
राष्ट्रपति मुर्मू ने इस मुद्दे का जिक्र करते हुए निर्भया कांड की याद दिलाई उन्होंने कहा कि पिछले 12 सालों में ऐसी अनगिनत घटनाएं हुईं। जिनपर रोक लगाने में हम नाकामयाब रहे हैं। उन्होंने आगे कहा ऐसा अक्सर क्यों होता है कि इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रहीं और तो और इस तरह की मानसिकता वाले महिलाओं को कम शक्तिशाली, कम सक्षम और कम बुद्धिमान समझते हैं। राष्ट्रपति ने इसे सामूहिक भूलने की बीमारी बताया और कहा ये बेहद निंदनीय है।