
उत्तर प्रदेश में गुरुवार को हुई मतगणना के शुरुआती दौर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समाजवादी पार्टी (सपा) की 62 सीटों के मुकाबले 123 सीटों पर आगे चल रही है, वहीं पंजाब की बात करें तो शुरूआती रुझानों में आम आदमी पार्टी (आप) एक नए विकल्प के रूप में उभर कर सामने आई है। पंजाब की राजनीति में हाल ही में अस्तित्व में आई आम आदमी पार्टी क्लीन स्वीप की तरफ बढ़ रही है और पंजाब में प्रचंड बहुमत हांसिल कर रही है।
वहीं उत्तराखंड में भाजपा 25 सीटों पर आगे चल रही थी, जबकि कांग्रेस 17 सीटों पर आगे थी। 40 सदस्यों वाली गोवा विधानसभा सीट में सत्तारूढ़ भाजपा 13 सीटों पर आगे थी, जबकि कांग्रेस 17 सीटों पर आगे चल रही थी। वहीं यूपी में, गोरखपुर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, करहल से सपा प्रमुख अखिलेश यादव, जसवंत नगर से शिवपाल यादव आगे चल रहे हैं जबकि कौशांबी की सिराथू विधानसभा सीट से डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य लगभग 400 वोटों से पीछे चल रहे हैं।
आम आदमी पार्टी ने पंजाब में 117 में से 88 सीटों पर बड़ी बढ़त बना ली है, जिसमें मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी सहित कई दिग्गज अपने प्रतिद्वंदी उम्मीदवारों से पीछे चल रहे हैं। चन्नी चमकौर साहिब और भदौर दोनों सीटों पर पीछे चल रहे थे। पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, अमरिंदर सिंह और राजिंदर कौर भट्टल भी पीछे चल रहे हैं। SAD अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल भी अपनी जलालाबाद सीट से पीछे चल रहे हैं।