पंजाब को पहली बार मिली एशियन हॉकी चैंपियनशिप की मेजबानी… जानें मोहाली-जालंधर में कब होंगे मुकाबले…

पंजाब को पहली बार एशियन हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी की मेज़बानी। CM भगवंत मान के प्रयासों से जालंधर और मोहाली में होंगे मुकाबले, एंट्री फ्री।

मोहाली। पंजाब को पहली बार एशियन हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी की मेज़बानी मिली है। मोहाली के मेयर सरबजीत सिंह ने इसे पूरे राज्य के लिए गर्व और खुशी का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के प्रयासों से पंजाब को इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट की मेज़बानी का मौका मिला है। इससे राज्य में हॉकी सहित अन्य खेलों को बढ़ावा मिलेगा और युवा खेलों की ओर आकर्षित होंगे।

4 और 5 नवंबर को मोहाली में होंगे अहम मुकाबले

मेयर सरबजीत सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि टूर्नामेंट के लीग मैच 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक जालंधर में खेले जाएंगे। इसके बाद 4 और 5 नवंबर को मोहाली में सेमीफाइनल, फाइनल और तीसरे स्थान के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।

इस टूर्नामेंट में एशिया की छह प्रमुख टीमें भारत, बांग्लादेश, जापान, चीन, मलेशिया और दक्षिण कोरिया हिस्सा लेंगी। इन मुकाबलों से पंजाब की अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में पहचान और मजबूत होने की उम्मीद है।

दर्शकों के लिए स्टेडियम में एंट्री मुफ्त

मेयर सरबजीत सिंह ने पंजाब के लोगों से बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट के दौरान दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश पूरी तरह मुफ्त रहेगा।

उन्होंने कहा कि खेलों को बढ़ावा देना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है। उन्होंने माता-पिता से भी बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की।

स्टेडियमों के अपग्रेडेशन पर करीब 25 करोड़ रुपये खर्च

सरबजीत सिंह के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप स्टेडियम तैयार करने के लिए सरकार ने करीब 25 करोड़ रुपये का बजट रखा है। इसमें से 16 करोड़ रुपये जालंधर के स्टेडियमों के अपग्रेडेशन और लगभग 8.90 करोड़ रुपये मोहाली के स्टेडियमों के लिए खर्च किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह निवेश पंजाब के खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा। इसके साथ ही राज्य में नए स्टेडियम भी बनाए जा रहे हैं। मेयर के अनुसार, अकेले मोहाली में करीब 32 स्टेडियम तैयार किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अपनी प्रतिभा निखारने के अवसर मिलेंगे।

‘खेल क्रांति’ के तहत 40 हजार खिलाड़ियों को मिले 135 करोड़ रुपये

मेयर सरबजीत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में शुरू की गई ‘खेल क्रांति’ के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उनके मुताबिक, राज्य सरकार अब तक करीब 40 हजार खिलाड़ियों को लगभग 135 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि वितरित कर चुकी है।

उन्होंने कहा कि मान सरकार पंजाब में खेलों को संस्कृति का हिस्सा बनाने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध है। एशियन हॉकी चैंपियनशिप की मेज़बानी को भी राज्य में खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।

Related Articles

Back to top button