UP Diwali Bonus 2026: योगी सरकार का कर्मचारियों को दिवाली तोहफा, 14.82 लाख से अधिक लोगों को मिलेगा बोनस

उत्तर प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार ने दिवाली बोनस को मंजूरी दे दी है। सरकार के फैसले के मुताबिक, राज्य कर्मचारियों को 30 दिनों के वेतन के बराबर दिवाली बोनस (Non-PLB) दिया जाएगा। इस फैसले से प्रदेश के करीब 14.82 लाख से अधिक कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। इसमें राज्य सरकार के नॉन-गजेटेड कर्मचारी, शैक्षणिक संस्थानों, स्थानीय निकायों और जिला पंचायतों के कर्मचारी शामिल हैं। इसके अलावा पात्र दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को भी बोनस का लाभ मिलेगा।

अधिकतम 7,000 रुपये मिलेगा दिवाली बोनस

सरकार के आदेश के अनुसार, कारोबारी साल 2025-26 के लिए बोनस की अधिकतम सीमा 7,000 रुपये तय की गई है। इस राशि का भुगतान दो हिस्सों में किया जाएगा। कुल बोनस का 25 फीसदी हिस्सा यानी अधिकतम 1,750 रुपये कर्मचारी के बैंक खाते में नकद भेजा जाएगा। इससे कर्मचारी दिवाली की खरीदारी के दौरान अपनी जरूरत के मुताबिक इस रकम का इस्तेमाल कर सकेंगे।

वहीं, बोनस की बाकी 75 फीसदी राशि यानी अधिकतम 5,250 रुपये कर्मचारी के सामान्य भविष्य निधि (GPF) खाते में जमा की जाएगी। जिन कर्मचारियों को GPF की सुविधा नहीं मिलती है, उनके हिस्से की रकम NPS टियर-2 खाते या नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट (NSC) के रूप में दी जाएगी।

सरकार पर आएगा 1,022 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ

योगी सरकार के इस फैसले से उत्तर प्रदेश सरकार के खजाने पर करीब 1,022 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ आएगा। इस बोनस का लाभ प्रदेश के विभिन्न विभागों और संस्थानों में काम करने वाले पात्र कर्मचारियों को मिलेगा।

किन कर्मचारियों को मिलेगा दिवाली बोनस?

सरकार के फैसले के मुताबिक, बोनस के लिए कर्मचारियों को कुछ निर्धारित शर्तें पूरी करनी होंगी।

  • अराजपत्रित यानी Non-Gazetted श्रेणी के कर्मचारी इसके पात्र होंगे।
  • जिन कर्मचारियों का ग्रेड पे 4,800 रुपये या संशोधित वेतनमान में लेवल-8 तक है, उन्हें लाभ मिलेगा।
  • कर्मचारी ने 31 मार्च 2026 तक कम से कम एक साल की निरंतर सेवा पूरी की हो।
  • दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को भी बोनस मिलेगा, बशर्ते उन्होंने पिछले तीन सालों में हर साल कम से कम 240 दिन काम किया हो।

दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को कितना मिलेगा बोनस?

इस फैसले के तहत पात्र दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को भी दिवाली बोनस दिया जाएगा। उन्हें अधिकतम 1,184 रुपये तक की राशि मिलेगी। इस तरह योगी सरकार के फैसले से प्रदेश के 14.82 लाख से अधिक कर्मचारियों को दिवाली पर आर्थिक लाभ मिलेगा।

Related Articles

Back to top button