
चंडीगढ़ : ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पंजाब सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। पंजाब के परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने घोषणा की है कि सितंबर के मध्य तक 100 नई विश्वस्तरीय ‘पी.आर.टी.सी. जूनियर’ बसें पी.आर.टी.सी. (पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन) के बेड़े में शामिल कर ली जाएंगी।
परिवहन मंत्री ने यह घोषणा परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक के बाद की। उन्होंने बताया कि ये पूरी तरह से निर्मित मिडी बसें आयशर कंपनी द्वारा तैयार कर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
परिवहन सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर
समीक्षा बैठक के दौरान हरपाल सिंह चीमा ने अधिकारियों को सार्वजनिक परिवहन सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए नए विचारों पर काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने पी.आर.टी.सी. और पनबस की वित्तीय मजबूती और लंबे समय तक बेहतर संचालन के लिए आय के नए स्रोत तलाशने पर भी जोर दिया।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
बेड़े में शामिल होंगी 1,279 नई बसें
परिवहन मंत्री ने बताया कि पंजाब के सरकारी बस बेड़े में कुल 1,279 नई बसें शामिल की जा रही हैं। इससे सरकारी बसों की संख्या 2,267 से बढ़कर 3,546 हो जाएगी। उन्होंने कहा कि यह पिछले 20 वर्षों में बस बेड़े का सबसे बड़ा विस्तार होगा और इससे पंजाब सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
दिल्ली एयरपोर्ट कनेक्टिविटी भी मजबूत
हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि भगवंत मान सरकार प्रवासी भारतीयों, अंतरराष्ट्रीय यात्रियों और आम लोगों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने पर भी काम कर रही है। उन्होंने बताया कि जालंधर और लुधियाना से दिल्ली एयरपोर्ट के लिए वोल्वो कोच समेत 15 प्रीमियम एयरपोर्ट बसें शुरू की गई हैं। इससे यात्रियों को सुविधा मिली है और परिवहन क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर भी रोक लगी है।
बैठक में कई अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में परिवहन विभाग के सचिव वरुण रूजम, पनबस के मैनेजिंग डायरेक्टर राजीव कुमार गुप्ता, पी.आर.टी.सी. की एमडी मनीषा राणा, अतिरिक्त एमडी नवदीप कुमार और पी.आर.टी.सी. चंडीगढ़ के जनरल मैनेजर अमनवीर टिवाणा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।









