
Rahul Gandhi Assam Statement. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने असम में एक बार फिर भाजपा और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर तीखा हमला बोला है। चायगांव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल ने आरोप लगाया कि सीएम खुद को राजा समझते हैं लेकिन असल में डर के साए में जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक दिन कांग्रेस के बब्बर शेर उन्हें जेल में डाल देंगे।
हिमंत सरमा को नरेंद्र मोदी भी नहीं बचा पाएंगे : राहुल गांधी
राहुल गांधी ने सभा में कहा जब आप उनकी (हिमंत सरमा की) आंखों में देखेंगे तो आपको डर दिखेगा। वे जानते हैं कि उन्होंने घोटाले किए हैं और एक दिन उन्हें जेल जाना होगा। मैं जो बोलता हूं, वो होता है। आज कह रहा हूं- जल्द ही मीडिया दिखाएगा कि आपके मुख्यमंत्री जेल जा रहे हैं। नरेंद्र मोदी, अमित शाह भी उन्हें नहीं बचा पाएंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री पर जमीन घोटालों, सोलर पार्क घोटाले और रिसॉर्ट घोटालों का आरोप लगाते हुए कहा कि असम का बच्चा-बच्चा जानता है कि ये व्यक्ति भ्रष्ट है।
हिमंत बिस्वा सरमा का करारा पलटवार : आप जमानत पर बाहर हैं राहुल जी
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एक्स (Twitter) पर पोस्ट कर राहुल गांधी के बयान पर पलटवार किया और लिखा राहुल गांधी असम आकर कहते हैं कि वे मुझे जेल भेजेंगे। लेकिन वे भूल जाते हैं कि वे खुद कई आपराधिक मामलों में जमानत पर बाहर हैं। मेरी शुभकामनाएं आपके साथ हैं राहुल जी, आज असम की मेहमाननवाजी का आनंद लें।
बिहार में वोटर लिस्ट घोटाले का आरोप
राहुल गांधी ने असम के मंच से बिहार में चल रहे वोटर लिस्ट रिवीजन को लेकर भी बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा महाराष्ट्र का चुनाव बीजेपी और चुनाव आयोग ने चोरी किया। अब वही स्क्रिप्ट बिहार में दोहराई जा रही है। नई वोटर लिस्ट बनाई जा रही है और लाखों गरीब, किसान और मजदूरों के नाम हटाए जा रहे हैं, जिनमें कांग्रेस और आरजेडी के वोटर भी शामिल हैं।उन्होंने चेतावनी दी कि यही काम असम में भी दोहराया जा सकता है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता ऐसा नहीं होने देंगे।
राजनीतिक संग्राम और तेज़ होगा
राहुल गांधी के इन बयानों के बाद असम और बिहार की राजनीति में नया उबाल आ गया है। जहां कांग्रेस मुख्यमंत्रियों को निशाने पर लेकर आक्रामक मूड में दिख रही है, वहीं भाजपा व्यक्तिगत और कानूनी मोर्चे पर पलटवार कर रही है।

