पूर्वोत्तर में बारिश-बाढ़ का कहर, असम समेत कई राज्यों में तबाही, अब तक 30 की मौत

पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश और बाढ़ ने तबाही मचा दी है। असम, सिक्किम, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा जैसे राज्यों में हालात बेहद खराब हैं। अब तक इस आपदा में करीब 30 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि हजारों लोग प्रभावित हुए हैं।

असम में भूस्खलन और बाढ़ से 9 की मौत
असम के 15 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। गुवाहाटी के चापाईडांग स्थित दाईमुगुरी इलाके में भूस्खलन हुआ है। राज्य में प्राकृतिक आपदा से अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। हजारों लोग बेघर हो गए हैं और प्रशासन राहत कार्यों में जुटा हुआ है।

मणिपुर और सिक्किम में हालात गंभीर
मणिपुर की राजधानी इंफाल जलमग्न हो गई है। यहां करीब 3500 लोग प्रभावित हुए हैं और 880 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। सिक्किम में नदियां उफान पर हैं और लगभग 1500 पर्यटक अलग-अलग स्थानों पर फंसे हुए हैं।

त्रिपुरा और अरुणाचल में भी असर
त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में केवल 3 घंटे में 200 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे पूरे शहर में जलभराव हो गया। अरुणाचल प्रदेश में लैंडस्लाइड के कारण आवाजाही बाधित है। नागालैंड में भी कोहिमा-माओ मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग-2 की सड़क धंस गई है, जिससे संपर्क पूरी तरह टूट गया है।

राहत और बचाव कार्य तेज
गृह मंत्री अमित शाह ने प्रभावित राज्यों को हर संभव मदद का भरोसा दिया है। भारतीय सेना और एयरफोर्स राहत और बचाव कार्यों में लगी हुई है। फंसे हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है और आवश्यक राहत सामग्री मुहैया कराई जा रही है।

Related Articles

Back to top button