
नई दिल्ली। देशभर की राजनीति में जारी सियासी गर्माहट के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को विपक्ष पर जमकर निशाना साधा और युवाओं व छात्रों के मुद्दों पर उनके रुख की कड़ी आलोचना की। दिल्ली में अपने बयान में उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ लोग देश के छात्रों और युवाओं का इस्तेमाल अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए कर रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि देश का समझदार युवा ऐसी चालों को अच्छी तरह समझता है और विकास व राष्ट्र निर्माण का ही रास्ता चुनेगा।
‘युवाओं के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध’
राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने और उनके कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “हम यह सुनिश्चित करने के लिए भी संकल्पबद्ध हैं कि किसी के साथ, खासकर हमारे युवाओं और छात्रों के साथ कोई अन्याय न हो। सरकार देश के युवाओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है।”
विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप
रक्षा मंत्री ने विपक्षी नेताओं पर तीखा हमला करते हुए कहा कि विपक्ष के कुछ नेता जनता और छात्रों के बीच एक बनावटी गुस्सा पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं, जो छात्रों को गुमराह करने का एक असफल प्रयास है। संसद के मानसून सत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि संसद का सत्र चल रहा है और सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन इसके बावजूद विपक्ष सदन में बात करने के बजाय सड़कों पर समाधान ढूंढने की अनुचित कोशिश कर रहा है। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि यदि वे वाकई गंभीर हैं तो संसद सत्र में हंगामा न करें और सदन के भीतर ही मुद्दों पर सार्थक चर्चा करें।









