
भारत के पूर्व क्रिकेटर और टीम इंडिया के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ शानदार पारी खेलने के बाद संजू सैमसन की जमकर तारीफ की है। शास्त्री ने सैमसन को टीम इंडिया का “जेन्युइन मैच विनर” बताते हुए कहा कि उनकी हालिया सफलता का सबसे बड़ा कारण उनका बेहतर शॉट चयन, निरंतरता और मानसिक मजबूती है।
आईसीसी की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक रवि शास्त्री ने ‘द आईसीसी रिव्यू’ में बातचीत करते हुए कहा कि संजू सैमसन के पास हर तरह के शॉट खेलने की क्षमता है, लेकिन पहले कभी-कभी एकाग्रता में कमी के कारण वह बड़ी पारियां नहीं खेल पाते थे। अब उन्होंने अपनी बल्लेबाजी में निरंतरता लाई है और मानसिक रूप से भी मजबूत हुए हैं।
गौरतलब है कि टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत में संजू सैमसन को टीम में शुरुआती चयन नहीं मिला था। न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में खराब प्रदर्शन के बाद टीम मैनेजमेंट ने ईशान किशन को ओपनर और रिंकू सिंह को प्लेइंग इलेवन में जगह दी थी। हालांकि बाद में सैमसन ने शानदार वापसी करते हुए लगातार दो मैचों में प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता और टीम इंडिया को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में संजू सैमसन ने इंग्लैंड के खिलाफ महज 42 गेंदों में 89 रन की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान उन्होंने सात छक्के और कई शानदार चौके लगाए। उनकी इस पारी ने भारत की बड़ी जीत की नींव रखी। इससे पहले उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर-8 के अहम मुकाबले में नाबाद 97 रन बनाकर भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाया था।
रवि शास्त्री ने कहा कि सैमसन अभी सिर्फ 31 साल के हैं और उनमें मैच का रुख बदलने की क्षमता है। उन्होंने टीम मैनेजमेंट को सलाह दी कि सैमसन पर भरोसा बनाए रखना चाहिए और उन्हें खुलकर खेलने का मौका देना चाहिए। शास्त्री के मुताबिक जब सैमसन बल्लेबाजी करते हैं तो उनकी बल्लेबाजी में क्लास, टच और जबरदस्त ताकत साफ दिखाई देती है।
सेमीफाइनल मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 253 रन बनाए। संजू सैमसन की 89 रन की शानदार पारी के अलावा शिवम दुबे ने 43 रन, ईशान किशन ने 39 रन, हार्दिक पांड्या ने 27 रन और तिलक वर्मा ने 21 रन का योगदान दिया।
इंग्लैंड ने लक्ष्य का पीछा करते हुए कड़ी टक्कर दी। जैकब बेथेल के शानदार शतक की बदौलत इंग्लैंड मैच में काफी देर तक बना रहा, लेकिन अंत में जसप्रीत बुमराह की शानदार गेंदबाजी ने मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया। भारत ने यह मुकाबला सात रन से जीतकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।









