RCB की रिकॉर्ड डील, ₹16,660 करोड़ में बिकी बेंगलुरु फ्रेंचाइज़ी

आईपीएल की सबसे चर्चित टीमों में शामिल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) अब नए मालिकों के हाथों में चली गई है।

आईपीएल की सबसे चर्चित टीमों में शामिल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) अब नए मालिकों के हाथों में चली गई है। भारतीय और विदेशी कंपनियों के एक कंसोर्टियम ने करीब 1.78 अरब डॉलर यानी लगभग 16,660 करोड़ रुपये में फ्रेंचाइज़ी की पूरी हिस्सेदारी खरीद ली है।

मौजूदा मालिक यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (USL) ने इस ‘ऑल-कैश’ डील की घोषणा की। कंपनी के मुताबिक, उसके बोर्ड ने RCB को अदानी बिरला ग्रुप, टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप, बोल्ट वेंचर्स और ब्लैकस्टोन जैसे बड़े निवेशकों के कंसोर्टियम को बेचने को मंजूरी दे दी है।

इस डील के बाद RCB की आईपीएल और महिला प्रीमियर लीग (WPL) दोनों टीमें अब इसी कंसोर्टियम द्वारा संचालित की जाएंगी। यह सौदा इसलिए भी खास है क्योंकि इसकी कीमत 2021 में लखनऊ और अहमदाबाद फ्रेंचाइज़ी की कुल बिक्री (₹12,715 करोड़) से भी ज्यादा है।

गौरतलब है कि पिछले साल नवंबर में डियाजियो ने संकेत दिया था कि वह RCB में अपनी हिस्सेदारी की रणनीतिक समीक्षा कर रहा है और क्रिकेट को गैर-कोर बिजनेस मानते हुए इसे बेचने की योजना बना रहा है।

अब इस डील को अंतिम रूप देने के लिए BCCI और भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) की मंजूरी जरूरी होगी। इसके बाद ही नया कंसोर्टियम आधिकारिक रूप से टीम का नियंत्रण संभालेगा।

नई मालिकाना टीम ने कहा कि RCB की मजबूत फैन फॉलोइंग और ‘Play Bold’ ब्रांड वैल्यू इसे खास बनाती है और वे इसे नए स्तर पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

Related Articles

Back to top button