
मनोरंजन डेस्क : रक्षा बंधन के पावन पर्व पर बॉलीवुड गलियारों में भी जश्न का माहौल देखने को मिला। मशहूर डिजाइनर और ऋषि कपूर-नीतू कपूर की बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी ने रक्षा बंधन के खास मौके पर अपनी पुरानी यादों को ताजा किया। उन्होंने अपने भाई रणबीर कपूर और मां नीतू कपूर के साथ बचपन की एक बेहद प्यारी तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की, जिसे फैंस द्वारा काफी पसंद किया जा रहा है।
रिद्धिमा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर इस पुरानी फैमिली फोटो को साझा करते हुए भाई रणबीर के लिए लिखा, “हैप्पी राखी रेंस। लव यू,” और साथ में लाल दिल वाले इमोजी भी जोड़े। इस तस्वीर में छोटे रणबीर नीली टी-शर्ट और जींस में नजर आ रहे हैं, जबकि रिद्धिमा भी कैमरे के सामने मुस्कुराती दिख रही हैं। कपूर परिवार के इन दोनों भाई-बहनों का यह पुराना बॉन्ड फैंस का दिल जीत रहा है।
दूसरी ओर, बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने भी अपने भाई के साथ रक्षा बंधन का यह त्योहार पूरे पारंपरिक अंदाज में मनाया। कंगना ने सोशल मीडिया पर सेलिब्रेशन की कई तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें वह अपने भाई की कलाई पर राखी बांधती और माथे पर तिलक लगाती नजर आ रही हैं। इस दौरान उन्होंने अपने भाई के लिए एक भावनात्मक और प्यारा सा संदेश भी लिखा, जिसमें उन्होंने भाई की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। कंगना ने लिखा कि भाई का प्रेम और संरक्षण उनके लिए हमेशा से बहुत मायने रखता है। इन फिल्मी सितारों के अलावा कई अन्य सेलेब्स ने भी अपने भाई-बहनों के साथ तस्वीरें शेयर कर इस पर्व की शुभकामनाएं दीं।









