
पटना : राजधानी के मुसल्लहपुर हाट में फैजल खान उर्फ खान सर की कोचिंग खान ग्लोबल स्टडीज के केस में जेल में बंद ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद सोमवार को जेल से बाहर आ गए। 2 जून की रात हुए झगड़े के अगले दिन उन्हें गिरफ्तार किया गया था। बेल मिलने के बाद वे दोपहर में बेउर से निकल गए। बाहर आने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में खान सर पर गंभीर आरोप लगाए।
जेल जाने की साजिश के तहत जान ली गई
रोशन आनंद ने कहा कि फैजल खान और किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक आरएस प्रसाद ने मिलकर मेरे भाई की हत्या की है। उन्होंने कहा कि वे बाहर थे, तो भाई हत्या क्यों नहीं हुई। जेल जाने की साजिश के तहत उनकी जान ली गई है। उन्होंने कहा कि फैजल खान बहुत झूठ बोलता है। उसका नार्को टेस्ट होना चाहिए। पहले उन्होंने कहा कि हमने गोली चलाई। जब वीडियो सामने आया तो पता चला कि उसने ही गोली चलाई है। मामले में सरकार और कोर्ट पर पूरा भरोसा है। हमारे साथ इंसाफ होगा। जेल से बाहर आने के बाद वह सीधे अपने भाई प्रिंस यादव के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए सहरसा चला गया। प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर के एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
प्रिंस के साथ मौजूद चार साथियों को नेपाल पुलिस ने हिरासत में ले लिया
प्रिंस की आंखों पर चोट के निशान पाए गए। इस मामले में प्रिंस के साथ मौजूद चार साथियों को नेपाल पुलिस ने हिरासत में ले लिया। नेपाल में ज़रूरी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को वहां से सहरसा लाया गया। इस मामले में राजनीति भी काफी तेज़ हो गई है।









