UP By Election: उपचुनाव से पहले बुर्के पर बवाल, सपा ने चुनाव आयोग से की ये गुहार

बीजेपी कई मौकों पर बुर्काधारी महिला वोटर्स की जांच की मांग करती आई है। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले बीजेपी की दिल्ली यूनिट ने भी ठीक ऐसी ही..

UP By Election : उपचुनावों में राजनीतिक सरगर्मी हर बार देखने को मिलती है, और यूपी की नौ विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में भी ऐसी स्थिति देखने को मिल रही है. सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने इस सीट को जीतने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. चुनाव प्रचार के दिनों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है.

बुर्का हटाकर चेकिंग न की जाए

इस बीच उत्तर प्रदेश की 9 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग को चिट्ठी लिखी है। सपा की ओर से जो लिखे गए हैं. उस पत्र में कहा गया है कि मतदान के दौरान मुस्लिम महिलाओं की बुर्का हटाकर चेकिंग न की जाए क्योंकि इस तरह की चेकिंग से मुस्लिम महिलाएं डर जाती हैं और मतदान नहीं कर पाती हैं। साथ ही सपा ने चुनाव आयोग से पुलिस द्वारा शक्तियों के गलत इस्तेमाल को रोकने की भी मांग की है।

उनकी निजता का उल्लंघन

सपा ने EC को लिखे अपने पत्र में कहा, “मुस्लिम महिलाएं अगर बुर्का पहनकर मतदान केंद्र आती हैं तो पुलिस या अन्य सुरक्षा बलों को हस्तक्षेप करने का अधिकार नहीं होना चाहिए। ऐसी महिलाएं अपनी पहचान साबित करने के लिए अन्य तरीकों का इस्तेमाल कर सकती हैं।” पार्टी का यह भी कहना है कि मुस्लिम महिलाएं बुर्का हटाने के डर से वोट डालने से कतराती हैं क्योंकि वे समझती हैं कि इससे उनकी निजता का उल्लंघन हो सकता है।

पूरी जांच के बाद ही वोट डालने दिया जाए

ऐसे में सपा की इस मांग से सियासी घमासान मच सकता है क्योंकि बीजेपी कई मौकों पर बुर्काधारी महिला वोटर्स की जांच की मांग करती आई है। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले बीजेपी की दिल्ली यूनिट ने भी ठीक ऐसी ही मांग उठाई थी। साथ ही दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी को एक ज्ञापन भी सौंपा था। जिसमें मांग की गई थी कि मतदान वाले दिन दिल्ली में जो भी बुर्का पहनकर या मुंह पर मास्क लगाकर मतदान करने आए, उसकी पूरी जांच के बाद ही वोट डालने दिया जाए।

जांच करने का अधिकार मतदान अधिकारी के पास

वहीं, अब समाजवादी पार्टी के यूपी अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने चुनाव आयोग को पत्र लिखा है। उन्होंने मांग उठाई है कि रिटर्निंग ऑफिसर/जिला मजिस्ट्रेट, जनरल ऑब्जर्वर और पुलिस अधिकारियों को लिखित आदेश जारी किया जाए कि 20 नवंबर 2024 को मतदान के दौरान कोई भी पुलिसकर्मी किसी भी मतदाता के वोटर आईडी की जांच नहीं करेगा। पत्र में आगे कहा गया है कि मतदाता पहचान-पत्र की जांच करने का अधिकार मतदान अधिकारी के पास है।

23 नवंबर को नतीजे होंगे घोषित

आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश की 9 विधानसभा सीटों पर 20 नवंबर को उपचुनाव होने हैं। सोमवार शाम 6 बजे प्रचार थम गया। अब 20 नवंबर बुधवार को सुबह सात से मतदान होगा। मतदान के बाद 23 नवंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button