‘रुद्रयोगी’ से बड़े पर्दे पर दिखेगी देवराहा बाबा की आध्यात्मिक विरासत, 2027 में रिलीज होगी फिल्म

मनोरंजन डेस्क : सिनेमा में इन दिनों धार्मिक और आध्यात्मिक कहानियों पर आधारित फिल्मों का आकर्षण बढ़ता नजर आ रहा है। इसी कड़ी में अब एक नई हिंदी फिल्म ‘रुद्रयोगी’ की घोषणा हुई है। यह फिल्म श्रद्धेय संत देवराहा बाबा के जीवन, उनके विचारों और आध्यात्मिक विरासत को बड़े पर्दे पर पेश करने की तैयारी में है।

फिल्म की कहानी लेखक और आध्यात्मिक विचारक डॉ. विक्रम मिश्रा की चर्चित किताब ‘महादेव अंश’ से प्रेरित बताई जा रही है। इस प्रोजेक्ट को एक डिवोशनल ड्रामा के रूप में तैयार किया जाएगा। फिल्म को साल 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है।

देवराहा बाबा की भूमिका के लिए कई अभिनेताओं पर नजर

फिल्म का सबसे अहम पहलू देवराहा बाबा का किरदार होगा। इस भूमिका के लिए निर्माताओं ने देशभर में उपयुक्त अभिनेता की तलाश शुरू कर दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, विनीत कुमार सिंह, मोहित रैना, अविनाश तिवारी, शरद केलकर, करण टैकर और राजीव खंडेलवाल जैसे कलाकारों के नामों पर विचार किया जा रहा है। इनके अलावा अंशुमान पुष्कर का नाम भी संभावित कलाकारों की सूची में शामिल बताया जा रहा है।

हालांकि, अभी तक फिल्म के मुख्य अभिनेता को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में दर्शकों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि देवराहा बाबा की भूमिका के लिए आखिर किस कलाकार को चुना जाता है।

फर्स्ट लुक पोस्टर ने बढ़ाई उत्सुकता

‘रुद्रयोगी’ के पहले पोस्टर ने भी फिल्म को लेकर चर्चा शुरू कर दी है। फिल्म समीक्षक तरण आदर्श ने इस पोस्टर को सोशल मीडिया पर साझा किया है। पोस्टर में एक तपस्वी लकड़ी के चबूतरे पर बैठे दिखाई देते हैं। उनके पास त्रिशूल नजर आता है और पृष्ठभूमि में चमकता हुआ आसमान आध्यात्मिक वातावरण तैयार करता है।

पोस्टर पर लिखी टैगलाइन ‘एक संत… एक युग… रुद्र के अंश…’ फिल्म की विषयवस्तु की ओर इशारा करती है। इसके जरिए निर्माताओं ने फिल्म के आध्यात्मिक और रहस्यमयी संसार की शुरुआती झलक पेश की है।

कौन बना रहा है फिल्म?

‘रुद्रयोगी’ का निर्माण शिव त्रिशूल प्रोडक्शन प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले डॉली मिश्रा करेंगी। फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म निर्माता रवि राज मुर्मू को सौंपी गई है।

फिलहाल फिल्म की कास्टिंग प्रक्रिया जारी है। 2027 में प्रस्तावित रिलीज के साथ यह फिल्म संत देवराहा बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक विरासत को सिनेमा के माध्यम से दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी में है।

Related Articles

Back to top button