
सलमान खान की अपकमिंग वॉर ड्रामा फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ को लेकर इन दिनों जबरदस्त चर्चा हो रही है। फिल्म की कहानी, टीजर और गानों के बाद अब इससे जुड़ी एक खास जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि इस फिल्म में सलमान खान के साथ उनका एक बेहद करीबी साथी भी नजर आएगा, जो उनके रियल लाइफ से जुड़ा हुआ है।
दरअसल, फिल्म में सलमान खान के कुछ अहम सीन एक घोड़े के साथ दिखाए गए हैं। खास बात यह है कि इन दृश्यों के लिए उन्होंने किसी बाहरी ट्रेनिंग वाले घोड़े की जगह अपने निजी घोड़े को चुना। सलमान का मानना था कि कैमरे के सामने उनके और घोड़े के बीच जो अपनापन और जुड़ाव दिखे, वह बिल्कुल स्वाभाविक और असली लगे।
हाल ही में रिलीज हुई फिल्म के गाने ‘मैं हूं’ में सलमान खान और घोड़े के बीच खास बॉन्डिंग की झलक भी देखने को मिली। इसके अलावा मेकर्स ने गाने के बिहाइंड द सीन्स वीडियो भी जारी किए हैं, जिसमें सलमान अपने घोड़े के साथ स्नेह जताते नजर आ रहे हैं। यह दृश्य फैंस को काफी पसंद आ रहे हैं।
सलमान खान जानवरों के प्रति अपने प्रेम के लिए पहले से ही जाने जाते हैं। उनके पनवेल फार्महाउस से अक्सर ऐसी तस्वीरें और वीडियो सामने आते रहे हैं, जिनमें वह घोड़ों और अन्य जानवरों के साथ समय बिताते दिखाई देते हैं। ऐसे में ‘बैटल ऑफ गलवान’ में उनके निजी घोड़े की मौजूदगी फिल्म को और भी खास बना रही है।
फिल्म बैटल ऑफ गलवान साल 2020 में भारत और चीन की सेनाओं के बीच गलवान घाटी में हुई खूनी झड़प पर आधारित है। इस फिल्म का निर्देशन अपूर्व लखिया ने किया है। सलमान खान इसमें बिहार रेजीमेंट के जांबाज अधिकारी कर्नल बी संतोष बाबू की भूमिका निभा रहे हैं।
अब तक फिल्म का टीजर और दो गाने रिलीज हो चुके हैं, जिन्हें दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। देशभक्ति और भावनात्मक पहलुओं से जुड़ी इस फिल्म को लेकर फैंस के बीच उत्साह लगातार बढ़ रहा है।
फिल्म की रिलीज डेट 17 अप्रैल 2026 तय की गई है। अब देखना दिलचस्प होगा कि बड़े पर्दे पर सलमान खान का यह देशभक्ति अवतार दर्शकों का दिल किस तरह जीतता है।









