
उत्तर प्रदेश में होली का त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने के बाद अब पुलिस-प्रशासन की होली चर्चा का विषय बन गई है। Sambhal में गुरुवार को पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों ने जमकर होली खेली। इस दौरान जिले के पुलिस अधीक्षक Krishna Kumar Bishnoi भी पूरी तरह रंगों में रंगे नजर आए और उन्होंने अपने अलग अंदाज से सबका ध्यान खींच लिया।
पुलिस लाइन बहजोई में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने ‘रहमान डकैत’ का रूप धारण किया और शिकारी टोपी पहनकर होली खेली। उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ डीजे की धुन पर जमकर डांस किया। भोजपुरी और फिल्मी गानों पर एसपी समेत दरोगा और सिपाहियों ने खूब मस्ती की, जिसके वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
होली खेलने के लिए पुलिस लाइन में खास इंतजाम भी किए गए थे। यहां एक बड़ा गड्ढा खोदकर उसमें काली पॉलिथीन बिछाई गई और उसे अस्थायी पूल का रूप दिया गया। इस पूल में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने रंग और पानी के साथ डुबकी लगाकर होली का आनंद लिया।
एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने कार्यक्रम के दौरान सभी पुलिसकर्मियों को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिले में होली का त्योहार पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जिसमें पुलिस-प्रशासन के साथ-साथ आम जनता का भी पूरा सहयोग मिला।
गौरतलब है कि इससे पहले भी एसपी विश्नोई की होली चर्चा में रही थी। पिछले साल उन्होंने फिल्म Animal में Bobby Deol के अंदाज में सिर पर ग्लास रखकर डांस किया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। इस बार उन्होंने भोजपुरी गानों पर ठुमके लगाकर फिर सुर्खियां बटोर लीं।
दरअसल, उत्तर प्रदेश में यह परंपरा लंबे समय से चली आ रही है कि आम लोगों की होली के अगले दिन कई जिलों में पुलिसकर्मी आपस में होली खेलते हैं और अपने साथियों के साथ त्योहार की खुशियां साझा करते हैं।









