
कानपुर। यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के कानपुर चरण के तीसरे मुकाबले में कानपुर सुपरस्टार्स ने नोएडा किंग्स को आठ विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। ग्रीन पार्क स्टेडियम में बारिश और गीली आउटफील्ड के चलते यह मैच 12-12 ओवर का करवाया गया।

नोएडा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 128 रन बनाए, जिसके जवाब में कानपुर ने महज 10.4 ओवर में 2 विकेट खोकर 130 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।
समीर रिजवी का विस्फोटक अंदाज
कानपुर की शुरुआत खराब रही और आदर्श सिंह बिना खाता खोले दूसरी ही गेंद पर पवेलियन लौट गए। प्रियांशु पांडेय भी 6 रन बनाकर चलते बने। इसके बाद इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे समीर रिजवी ने मोर्चा संभाला और नोएडा के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उन्होंने महज 39 गेंदों में 11 चौके और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 91 रन ठोक दिए।

अभिषेक पांडेय ने 17 गेंदों में 31 रन का योगदान देते हुए उनका बखूबी साथ निभाया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 93 रन की अजेय साझेदारी की और टीम को आसान जीत दिला दी।
नोएडा के लिए प्रशांत वीर की पारी रही बेकार
नोएडा की तरफ से कप्तान प्रशांत वीर ने 27 गेंदों में तीन चौके और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 50 रन की पारी खेली। शोएब सिद्दीकी ने 20 और माधव कौशिक ने 31 रन का योगदान दिया।

लेकिन टीम के बाकी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके। कानपुर की ओर से यशोवर्धन सिंह ने तीन ओवर में सिर्फ 10 रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि अजय कुमार को दो सफलताएं मिलीं।
कार्यक्रम की हुई खास शुरुआत
मैच की औपचारिक शुरुआत उत्तर प्रदेश सरकार के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान और कानपुर के आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेयी ने टॉस कराकर और पारंपरिक घंटा बजाने की रस्म के साथ की।

इस दौरान यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर समेत कई लोग मौजूद रहे।









