
Lucknow: आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश में हुए एक बड़े घोटाले का आरोप भाजपा पर लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य हर बूथ पर 200-200 वोटर बढ़ाना है, और इसके लिए वह किसी भी हद तक जा सकते हैं। संजय सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा, कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से फर्जी वोटर लाने के लिए हरियाणा, मुंबई और अन्य राज्यों से लोगों को लाने का प्रयास किया है।
वहीं, संजय सिंह ने कहा कि वोटर लिस्ट में बड़ी गड़बड़ी की गई है और बीएलओ (Booth Level Officer) द्वारा गलत तरीके से फॉर्म 10 भरे गए हैं। उनका आरोप है कि चुनाव आयोग को इन फॉर्म्स को सार्वजनिक करना चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कितने वोटर फर्जी हैं। उन्होंने कहा, “46 लाख वोटरों को मृत बताकर चुनाव आयोग ने उनका नाम काट दिया है, जबकि 25 लाख वोटर डुप्लीकेट हैं, जिनकी पहचान होनी चाहिए।”
संजय सिंह ने उदाहरण देते हुए कहा कि कन्नौज के छिबरामऊ में 100 जिंदा लोगों को मृत घोषित कर दिया गया है और रामपुर में एक घर से शबनम का वोट निकाला गया है। इसके अलावा, संजय सिंह ने बहराइच, नोएडा, और अकबरपुर के कुछ मामलों का भी जिक्र किया, जहां वोटरों के नाम गलत तरीके से शिफ्ट किए गए थे। उन्होंने कहा, “यूपी के लोगों को अपनी संपत्ति की चिंता करनी चाहिए, क्योंकि भाजपा के लोग गलत तरीके से वोटरों के नाम जोड़कर उन्हें भ्रमित कर रहे हैं।”
बता दें, संजय सिंह ने खासतौर पर सुल्तानपुर का उदाहरण दिया, जहां कई फर्जी नाम जोड़ने का आरोप लगाया गया। उन्होंने आशीष सिंह के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि आशीष सिंह का नाम बिहार के जय बहादुर सिंह के लड़के के रूप में जोड़ा गया, जबकि उनके असली पिता वंश कुमार सिंह हैं।
संजय सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा की रणनीति के तहत “3.50 करोड़ मतदाता” तैयार किए जाएंगे, जो चुनावी गड़बड़ियों के जरिए भाजपा को फायदा पहुंचाएंगे। उन्होंने चुनाव आयोग से अपील की कि 2.17 करोड़ शिफ्ट किए गए लोगों के फॉर्म सार्वजनिक किए जाएं और इस गड़बड़ी की जांच होनी चाहिए।
बता दें, उन्होंने दावा किया कि, “कनाडा की आबादी से ज्यादा मतदाता यूपी में काटे गए हैं। हर चौथा वोटर गड़बड़ था। भाजपा ने हर जिले में 20-25 फीसदी वोट काटे हैं।” संजय सिंह ने सभी विपक्षी दलों से एकजुट होने की अपील की और कहा कि यह समय है कि सभी पार्टियां मिलकर सड़क पर उतरें और इस गड़बड़ी का विरोध करें।









