
नई दिल्ली। आजाद समाज पार्टी के नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद पिछले तीन दिनों से संसद परिसर के अंदर धरने पर बैठे हैं। वह सोमवार 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज का विरोध कर रहे हैं। इस बीच बुधवार को आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह उनसे मिलने संसद पहुंचे और सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए चंद्रशेखर आजाद को अपना पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया।
संजय सिंह ने क्या कहा?
चंद्रशेखर आजाद से मुलाकात के बाद संजय सिंह ने कहा, पिछले कई दिनों से आजाद समाज पार्टी के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद धरने पर बैठे हैं। इनकी मांग है कि छात्रों के साथ जो बर्बरता हुई है और बच्चों की जो मांगें हैं, उनको सरकार सुनें। लेकिन बहुत अफसोस की बात है कि इनसे बातचीत करने के लिए न तो कोई मंत्री आया और न ही सरकार का कोई प्रतिनिधि। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक सांसद को संसद परिसर में शौचालय इस्तेमाल करने की भी इजाजत नहीं दी जा रही है।
‘पीएम का अहंकार जनता तोड़ेगी’
संजय सिंह ने सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा, सड़क पर तानाशाही, सदन में तानाशाही, सदन के परिसर में तानाशाही—यह किस प्रकार की सरकार चल रही है? मुझे लगता है कि प्रधानमंत्री का जो गुरूर और अहंकार है, वो इस देश की जनता तोड़ेगी। सड़क से लेकर संसद तक, प्रधानमंत्री का अहंकार देश की जनता और सांसद मिलकर तोड़ेंगे। मैं पूरी तरह से चंद्रशेखर आजाद की मांगों का समर्थन करता हूं और इस आंदोलन में इनके साथ हूं।









